महाराष्ट्र में अजान और हनुमान चालीसा विवाद के बीच राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ता 3 मई को अक्षय तृतीया के अवसर पर राज्य भर के अपने स्थानीय मंदिरों में 'महा आरती' करेंगे। ये आरती लाउडस्पीकर से की जाएगी। इसके अलावा एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे आज अपनी पार्टी के बड़े नेताओं के साथ एक बैठक भी करेंगे। इस बैठक में मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाने के लिए तीन मई के अल्टीमेटम, औरंगाबाद में एक मई को पार्टी की बैठक और जून में अयोध्या यात्रा के मुद्दों पर रणनीति तैयार की जाएगी।
लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के मुद्दे पर आज डीजीपी करेंगे बैठक
महाराष्ट्र के डीजीपी सार्वजनिक स्थानों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के मुद्दे पर आज सभी पुलिस आयुक्तों, आईजी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे।
इस पहले भी राज ठाकरे ने दिया था विवादित बयान
बता दें कि इससे पहले राज ठाकरे ने 17 अप्रैल को एक बयान देते हुए कहा था कि हम महाराष्ट्र में दंगे नहीं चाहते। नमाज अदा करने का किसी ने विरोध नहीं किया। लेकिन अगर आप (मुसलमान) लाउडस्पीकर पर करते हैं, तो हमलोग भी इसके लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करेंगे। मुसलमानों को समझना चाहिए कि धर्म कानून से बड़ा नहीं है। 3 मई के बाद, मैं देखूंगा कि क्या करना है।
मुंबई : 70 फीसदी मस्जिदों ने अजान में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल कर दिया बंद
मुंबई में धार्मिक स्थलों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर विवाद के बीच ही 70 फीसदी अधिक मस्जिदों ने सुबह की अजान में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल बंद कर दिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सभी मस्जिदों से 3 मई तक लाउडस्पीकर हटाने का अल्टीमेटम दिया था। दिन की सबसे पहली अजान सुबह पांच बजे होती है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक कई मस्जिदों ने लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी है। लाउडस्पीकर विवाद के बीच पुलिस ने कानून व्यवस्था के मद्देनजर धार्मिक नेताओं के साथ बैठक की थी। पुलिस ने सभी से लाउडस्पीकर के लिए पूर्व अनुमति लेने और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करने को कहा है। पुलिस ने कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।