फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mumbai Rains: महाराष्ट्र में बारिश का कहर, एक युवक की मौत; मुंबई में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में भरा पानी

Mon, 26 May 2025 03:38 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

बारिश के चलते महाराष्ट्र में हालात बिगड़ रहे हैं। मुंबई में मेट्रो लाइन 3 पर अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन आचार्य अत्रे चौक में जलभराव हो गया। मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एमएमआरसी) ने कहा कि आचार्य अत्रे चौक और वर्ली के बीच मेट्रो का परिचालन स्थगित कर दिया गया।
विज्ञापन
Mumbai Rains - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक के बाद हालात बिगड़ गए हैं। मुंबई सहित कई स्थानों पर सोमवार को भारी बारिश के कारण रायगढ़ जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 48 लोगों को जलमग्न इलाकों से बचा लिया गया। वहीं मुंबई में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में भी पानी भर गया। इसके बाद मुंबई मेट्रो लाइन 3 पर आचार्य अत्रे चौक और वर्ली के बीच परिचालन स्थगित कर दिया गया। मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एमएमआरसी) ने कहा कि अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन आचार्य अत्रे चौक में पानी भरने के बाद सेवाओं का संचालन बंद किया गया है। 

विज्ञापन


इसके अलावा मेट्रो स्टेशन में जलभराव होने के चलते 33 किमी लंबे कोलाबा-बीकेसी-आरेजेवीएलआर अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण की गुणवत्ता और मानसून की तैयारियों को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं। एमएमआरसी ने कहा कि अचानक तेज बारिश के कारण डॉ. एनी बेसेंट रोड पर आचार्य अत्रे चौक स्टेशन के निर्माणाधीन प्रवेश/निकास द्वार से जलभराव हो गया। यहां बनी आरसीसी दीवार अचानक पानी के प्रवेश के कारण ढह गई। एहतियाती उपाय के तौर पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए वर्ली और आचार्य अत्रे चौक के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं।

ये भी पढ़ें: मुंबई में बारिश का 107 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा: 75 साल में सबसे जल्दी आया मानसून; जलभराव ने बिगाड़े हालात
विज्ञापन


एक वायरल वीडियो में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव दिखाया गया है। वहीं एस्केलेटर पर बारिश का पानी रिसता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि स्टेशन के अंदर छत ढही हुई है और कुछ मशीनें बिखरी हुई दिखाई दे रही हैं। नौ मई को एमएमआरसी ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और आचार्य अत्रे चौक स्टेशन के बीच भूमिगत मेट्रो सेवा को बढ़ाया था।  मेट्रो लाइन 3 मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो लाइन है और वर्तमान में यहां चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य चल रहा है।

ये भी पढ़ें: केरल के बाद महाराष्ट्र में झमाझम बारिश, जानें आपके राज्य में कब दस्तक दे सकता है मानसून

75 साल में सबसे जल्दी आया मानसून
मानसून ने 75 साल में सबसे जल्दी मुंबई में दस्तक दे दी है। मई महीने में हुई बारिश ने शहर का 107 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार की सुबह शहर में भारी बारिश हुई, जिससे यातायात, जलभराव और लोकल ट्रेनों के निलंबन सहित दैनिक जीवन में अच्छी खासी परेशानी देखी गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मुंबई में पिछले 75 वर्षों में सबसे पहले पहुंचा है। मानसून अपनी सामान्य तिथि 11 जून से 16 दिन पहले आ गया है। दिन में पुणे में भी मानसून पहुंचा।

संबंधित वीडियो

विज्ञापन

महाराष्ट्र में भारी बारिश से एक व्यक्ति की मौत, 48 लोग बचाए गए
महाराष्ट्र में मुंबई सहित कई स्थानों पर सोमवार को भारी बारिश के कारण रायगढ़ जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 48 लोगों को जलमग्न इलाकों से बचा लिया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय ने बताया कि पुणे, सतारा, सोलापुर, रायगढ़, मुंबई और एमएमआर (मुंबई महानगर क्षेत्र) में भारी बारिश हुई है। दौंड में 24 घंटे में 117 मिमी, बारामती में 104.75 मिमी, जबकि इंदापुर में 63.25 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बारामती में 25 घर ढहे
सीएम कार्यालय ने कहा कि बारामती में 25 घर आंशिक रूप से ढह गए। जबकि बाढ़ वाले इलाकों में फंसे सात लोगों को बचाया गया। 70 से 80 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कल बाधित हुई मोबाइल सेवाएं अब बहाल की जा रही हैं। पुणे जिले के इंदापुर में जलमग्न स्थान से दो व्यक्तियों को बचाया गया। एनडीआरएफ की एक टीम को सतारा जिले के फलटण में तैनात किया गया है। दूधेबावी गांव के पास 30 नागरिक फंसे हुए थे। वहीं मालशिरस तालुका में छह नागरिक बाढ़ में फंस गए हैं। उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। पंढरपुर में भीमा नदी के तल में फंसे तीन लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं।

पांच जगह गिरी दीवार, 18 शॉर्ट सर्किट
मुंबई में पिछले 24 घंटों में 135.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर में छह स्थानों पर जलभराव की शिकायतें मिलीं, शॉर्ट सर्किट की 18 घटनाएं हुईं और दीवार गिरने की पांच शिकायतें मिलीं। सीएम कार्यालय ने कहा कि शहर में अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। नगर निगम के अधिकारी, अग्निशमन विभाग, मुंबई पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं तैयार हैं, जबकि किसी भी आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए शहर भर में एनडीआरएफ की पांच टीमें तैनात की गई हैं। बयान में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वेक्षण के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें