सोशल मीडिया पर कई बार ऐसे वीडियोज भी वायरल होते हैं, जिसे देखकर हमारी रुह कांप जाती है। इंस्टाग्राम पर अक्सर रोड एक्सीडेंट के कई वीडियोज देखने को मिलते हैं। ऐसे में हमें भी यह सोचना चाहिए कि सड़क पर गाड़ी चलाते समय सिर्फ इंडिकेटर या हॉर्न देना ही काफी नहीं होता है। असली ड्राइविंग तो तब होती है जब वक्त पर ब्रेक लगे और समझदारी से फैसले लिए जाएं। वरना एक छोटी सी गलती भी कई लोगों की जिंदगियों को खतरे में डाल सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक सीसीटीवी फुटेज इसी चेतावनी की एक खौफनाक मिसाल बन चुका है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक पीछे से एक पैसेंजर लोडर यानी कि मैजिक को टक्कर मार देता है, जो सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी। फिर जो हुआ, उसने न सिर्फ वाहन चालकों को, बल्कि पूरे इंटरनेट को झकझोर कर रख दिया। यह घटना 24 मई 2025 की सुबह 6 बजकर 47 मिनट की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि एक चार पहिया सवारी गाड़ी मैजिक सड़क पर आगे बढ़ रही है। इसी दौरान उसका ड्राइवर सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को देखकर अचानक गाड़ी बीच सड़क में ही रोक देता है ताकि वह उसे बैठा सके।
सड़क पर हुआ दर्दनाक हादसा
लेकिन पीछे से आ रही डीसीएम ट्रक शायद इस उम्मीद में थी कि रास्ता साफ रहेगा। ड्राइवर ने ब्रेक नहीं मारा या फिर शायद ब्रेक लगाते-लगाते बहुत देर कर दी, जिसके कारण ट्रक ने पीछे से आकर गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर से थी कि मैजिक गाड़ी सड़क किनारे फिसल गई। इस झटके से मामला और बिगड़ता है जब सामने से आती एक बाइक उसी मैजिक से टकरा जाती है और बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ता है। हैरानी की बात ये रही कि टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग निकला। हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आगे बैरिकेडिंग पर उसे पकड़ लिया।
खूब शेयर किया गया वीडियो
54 सेकंड का वीडियो, लेकिन असर घंटों और बहस दिनों तक यह पूरी घटना महज 54 सेकंड में कैमरे में कैद हो गई है। इसे X पर @gharkekalesh ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, "अंतिम डेस्टिनेशन या फिर क्या, पीलीभीत यूपी।" वीडियो ने कुछ ही समय में जबर्दस्त वायरल ट्रेंड पकड़ लिया है। बता दें कि खबर लिखे जाने तक इसे 9 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, 8 हजार से ज्यादा लाइक्स और 350 से अधिक कमेंट्स आ चुके हैं।
लोगों ने किए ऐसे कमेंट्स
वीडियो सामने आते ही कमेंट सेक्शन में असली मुद्दा बन गया कि गलती किसकी थी? कुछ लोगों ने गाड़ी को बीच सड़क पर रोकने वाले मैजिक ड्राइवर को दोषी बताया तो कुछ का मानना है कि ट्रक वाले ने अगर सावधानी बरती होती तो हादसा टल सकता था। वहीं कई लोगों की चिंता उस बाइक सवार को लेकर भी रही, जो सबसे आखिर में इस भयंकर घटना का शिकार बनता है।