गुवाहाटी में भारी बारिश के दौरान हवाईअड्डे के यात्री प्रतीक्षालय में सीलिंग टूटने की वजह से बरसात का पानी गिरने लगा तो मुसाफिरों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इससे विमानों का परिचालन बाधित नहीं हुआ लेकिन अपनी उड़ान की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रबंधक पी. के. तैलोंग ने बताया कि मूसलाधार बारिश होने के कारण यात्री प्रतीक्षालय में पानी टपकने की समस्या सामने आई है।
तैलोंग ने बताया कि हमने हाल में इसकी छत का विस्तार किया था और इस तरह की यह एक शुरुआती समस्या है। मैं वहां मौजूद था और तत्काल इससे निपट लिया गया। जबकि यात्रियों ने दावा किया कि वे बारिश के पानी में पूरी तरह भीग गये थे और उनमें से कई लोगों को अपने सामान के साथ वहां से हटना पड़ा।
यह पूछे जाने पर कि क्या सामान जांच करने वाली एक्स-रे मशीनों को कोई नुकसान पहुंचा, इस पर अधिकारी ने बताया कि किसी मशीन को नुकसान नहीं पहुंचा। हवाईअड्डे प्रबंधक ने बताया कि सभी विमानों का परिचालन उनके निर्धारित समय पर हुआ।