कुछ दिन राहत के बाद देश के कुछ हिस्सों में जारी भारी बारिश से शुक्रवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 13 लोगों की जान चली गई। वहीं मुंबईवासियों के लिए भी भारी बारिश परेशानी का सबब बनी।
आंध्रप्रदेश में बारिश की वजह से आज चार और मौतें होने की खबर है, जिससे मरने वालों की संख्या नौ हो गई है। वर्षा जनित घटनाओं की वजह से गुंटूर में छह और विशाखापत्तनम में तीन लोगों की मौत हुई है। पड़ोसी तेलंगाना के मेडक जिले में बारिश से संबंधित अलग अलग घटनाओं में चार व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि छह अन्य जख्मी हो गए।
आंध्रप्रदेश में गुंटूर और कृष्ण नदी के उपरी जलग्रहण क्षेत्रों में अधिक बारिश होने की वजह से केएल राव सागर जलाशय तकरीबन पूरा भर गया है। इसकी कुल क्षमता 45.77 टीएमसी फुट की है और इसमें अभी 30 टीएमसी फुट पानी है। केएल राव सागर जलाशय से 1.51 क्यूसेक बाढ़ का पानी छोड़ा जा रहा है जो विजयवाड़ा में कृष्णा नदी पर बने प्रकाशम बांध में पहुंच रहा है। गुंटूर और सिकंदराबाद के बीच लगातार दूसरे दिन भी रेल सेवा स्थागित रही क्योंकि छोटी नदियों के अधिक भर जाने की वजह से सत्तेनपल्ली के पास दो किलोमीटर से ज्यादा दूरी की पटरियां बह गई हैं।