उड़ी हमले से उपजे हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थल सेना और वायु सेना के प्रमुखों के साथ बैठक की है। वहीं नौसेना प्रमुख की ओर से नौसेना उप प्रमुख बैठक में मौजूद रहे। उड़ी हमले के बाद इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
दो दिन पहले ही पीएम मोदी साउथ ब्लॉक स्थित वॉर रूम भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब दो घंटे समय बिताया था। पीएम मोदी के साथ 20 सितंबर की रात वॉर रूम में तकरीबन दो घंटे तक उनके साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और तीनों सेना प्रमुख, थल सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग, वायु सेना प्रमुख अरूप राहा और नौसेना चीफ एडमिरल सुनील लंबा वॉर रूम में थे।
गौरतलब है कि उड़ी में सेना कैंप पर हुए आतंकी हमले में 18 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद से देश के सभी वर्गों में खासा रोष है और पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग उठती रहती है।
भारत ने इस हमले का करारा जवाब देने की ठान ली है और एलओसी पर जवानों की संख्या में इजाफा कर दिया गया है। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पाकिस्तान की छवि दुनिया के सामने लाने की कवायद जारी है, इसमें पाकिस्तान पिछड़ता नजर आ रहा है।
PM Meets Service Chiefs of armed forces: Discussions held on prevailing security situation and India's response to Uri Attacks
— ANI (@ANI_news) September 24, 2016