रेल यात्रियों की समस्याओं के निपटारे के लिए रेलवे जल्द ही यात्री सिटीजन चार्टर जारी करेगा। इसमें रेल यात्रियों की समस्या का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाएगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रेलकर्मी चार्टर जारी करने के दौरान यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दिसंबर तक यात्री चार्टर की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अश्विनी लोहानी व सभी बोर्ड सदस्य उपस्थित थे।
रेल मंत्री ने बेहतर व्यवस्था के लिए रेल मंडलों में एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर (एडीआरएम) की संख्या बढ़ाने की घोषणा की। कहा कि अब हर रेल मंडल में दो एडीआरएम होंगे। दिल्ली में तीन एडीआरएम व मुंबई में चार एडीआरएम के पद होंगे।
इस घोषणा के साथ ही गोयल ने यह भी संकेत दिया कि रेलवे बोर्ड के अधिकारियों को भी रेलवे के अन्य जोन में भेजा जाएगा।
रेलवे बोर्ड की शक्ति को कम कर रेल मंडल व रेलवे जोन में अधिकारियों का स्थानांतरण कर वहां की शक्ति को बढ़ाया जाएगा। करीब 70 एडीआरएम की नियुक्ति के निर्णय से कयास लगाया जा रहा है कि बोर्ड के कई ईडी व डॉयरेक्टरों को इस पद पर नियुक्त किया जा सकता है।
नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसी) में रेल मंत्रालय के अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। ताकि विभिन्न तकनीकों को योजना में शामिल किया जाए। उधर, महाप्रबंधकों को सेफ्टी संबंधी फैसले लेने की शक्ति दी गई है।
ये भी पढे़ंः नवंबर से मंजिल पर जल्द पहुंचेंगे यात्री, लंबी दूरी की 700 ट्रेनों का 'ट्रैवल टाइम' 2 घंटे तक होगा कम
अब 99 साल की लीज
स्टेशनों के विकास के लिए अब 99 साल की लीज दी जाएगी। स्टेशन डेवलपमेंट अथॉरिटी पहले टेंडर में 45 साल की ही लीज देने की तैयारी में था। स्टेशन विकास के लिए 150 से अधिक कंपनियों से रेल मंत्री की चर्चा हुई है।
स्वचालित सीढ़ी लगा दी जाएगी सुविधा
मुंबई हादसे के बाद उपनगरीय सेवा के अध्ययन के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया गया है कि मुंबई में 370 स्वचालित सीढ़ियां लगनी चाहिए। देशभर के स्टेशनों पर तीन हजार स्वचालित सीढ़ियां लगाने की जरूरत है। गोयल ने कहा, इस पहल से मेक इन इंडिया को भी प्रोत्साहित किया जा सकेगा। स्वचालित सीढ़िया बनाने में भारतीय कंपनी भी आगे आएगी।