कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए रेलवे ने भी अपने कदम बढ़ा दिए हैं। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में इसकी शुरूआत मंगलवार से हो गई है। जोन के इलाहाबाद, कानपुर समेत छह स्टेशनों के रिजर्वेशन काउंटर पर कैशलेस ट्रांजेक्शन के बढ़ावे के लिए 13 स्वाइप मशीनें लगा दी गई हैं। इस दौरान ढेरों यात्रियों ने डेविड और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अपने रिजर्वेशन करवाए।
इलाहाबाद जंक्शन के रिजर्वेशन काउंटर पर शाम पांच बजे के आसपास पवन कुमार मौर्य नाम के यात्री ने स्वाइप कार्ड के जरिये अपना इलाहाबाद जंक्शन से सिकंदराबाद का टिकट बुक कराया। स्वाइप मशीन के जरिये यात्री ने कुल 620 रुपये का भुगतान किया।
बता दें कि एनसीआर के इलाहाबाद, आगरा एवं झांसी मंडल के ए वन ग्रेड एवं ए ग्रेड के स्टेशनों पर रिजर्वेशन काउंटर पर पहले चरण में कुल 65 स्वाइप मशीनें लगाई जानी हैं। इस योजना के तहत इलाहाबाद जंक्शन, कानपुर सेंट्रल में चार-चार, कानपुर अनवरगंज, इटावा, शिकोहाबाद में एक-एक और राजा की मंडी आगरा में दो मशीनें लगा दी गई हैं।
अब रेलवे द्वारा अलीगढ़, इटावा, झांसी, मथुरा, आगरा, मिर्जापुर, टूंडला आदि स्टेशनों पर भी इस तरह की मशीन लगाई जाएगी। आने वाले दिनों में जनरल टिकट काउंटर, पार्सल बुकिंग में भी स्वाइप मशीन लगाए जाने की योजना है।