रेल यात्री के लिए बीमा कवर बढ़ सकता है। रेलवे विचार कर रहा है कि 5 रुपये में 25 लाख रुपये तक यात्रा बीमा कवर दिया जाए। अभी तक ऑनलाइन टिकट पर यात्रियों को 92 पैसे में 10 लाख रुपए तक का यात्रा बीमा कवर उपलब्ध है।
बीमा कवर में सामान चोरी शामिल करने के साथ इसे ट्रेन से लेकर रेलवे स्टेशन पर सामान गुम होने को भी नए कवर में शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही यात्रा बीमा योजना में ऑनलाइन टिकट वाले यात्रियों के साथ-साथ काउंटर पर टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों, मासिक यात्रा पास (एमएसटी) धारकों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है। इस संबंध में आईआरसीटीसी बीमा कंपनियों से बात कर रही हैं।
ऑनलाइन टिकट कराने के मामले में 92 पैसे में 10 लाख रुपए के यात्रा बीमा कवर की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध होती है। इसमें यात्रियों के पास विकल्प होता है कि वह टिकट बुक करते समय बीमा चुने या नहीं। बीमा कवर की राशि टिकट के अतिरिक्त वसूली जाती है।
बढ़ जाएगी संख्या
यात्रा बीमा कवर खूब चर्चित हो रहा है। 15 दिन के भीतर ही यह बीमा लेने वालों की संख्या 46 लाख तक पहुंच गई। रेलवे को उम्मीद है कि सितंबर खत्म होते-होते एक करोड़ रेलयात्री यात्रा बीमा कराएंगे। यात्रा बीमा को ट्रेन के अंदर हुए किसी हादसे के साथ-साथ स्टेशन पर होने वाली किसी दुर्घटना को भी कवरेज में लेने के लिए आईआरसीटीसी ने बुधवार को 12 इंश्योरेंस कंपनियों के साथ एक बैठक की।