दिवाली और छठ के त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने घोषणा की है कि नई दिल्ली से पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह विशेष सेवा 11 अक्टूबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक जारी रहेगी। इस अवधि में ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 32 फेरे लगाएगी। उत्तर रेलवे ने सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक जानकारी जारी की है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 02252 नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को (11 अक्टूबर से 15 नवंबर तक) सुबह 8:35 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 9:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। जबकि वापसी में, गाड़ी संख्या 02251 पटना जंक्शन से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को (12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक) सुबह 10:00 बजे रवाना होकर रात 11:30 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली से पटना के बीच चलने वाली वंदे भारत स्पेशल ट्रेन का चेयर कार का किराया करीब 2500 रुपए और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया करीब 4600 रुपए होगा। अभी ये किराये अभी अनुमानित हैं। टिकट बुकिंग शुरू होने पर सही किराया सामने आएगा।
दोनों दिशाओं में यह विशेष ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे के अनुसार, इस विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए टिकट बुकिंग जल्द ही शुरू की जाएगी। इस विशेष वंदे भारत ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिससे हजारों यात्रियों को पटना जंक्शन तक यात्रा करने के लिए अतिरिक्त सीटें मिल सकेंगी।
उत्तर रेलवे के मुताबिक, दिवाली और छठ के चलते यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए लगातार विशेष ट्रेनों की घोषणा की जा रही है। इनमें क्लोन ट्रेनें और अनारक्षित गाड़ियां भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में यात्रियों की ओर से वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग की जाती है, इसलिए बीते वर्ष की तरह इस बार भी नई दिल्ली से पटना जंक्शन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।