साप्ताहिक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाते रेल राज्य मंत्री
- फोटो : ट्विटर/ रावसाहेब दानवे
रेल राज्य मंत्री ने जालना से छपरा जंक्शन (बिहार) तक के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने कहा यह भी कहा कि भारतीय रेलवे यात्री ट्रेनों के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई माल ढुलाई सेवाओं से करने का प्रयास करता है।
उन्होंने कहा, रेलवे को यात्री ट्रेनों को चलाने से कोई लाभ नहीं होता है। प्रति एक रुपये पर 55 पैसे का नुकसान होता है। यात्री ट्रेनों को चलाने से कोई लाभ नहीं, नुकसान होता है। लेकिन मोदी सरकार लाभ के लिए काम नहीं करती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि कि हमें इन सेवाओं को लोगों की सुविदाओं के लिए संचालित करना है और हम माल ढुलाई सेवाओं के संचालन और राजस्व के अन्य स्त्रोतों के जरिए नुकसान (यात्री ट्रेनों के कारण होने वाला) की भरपाई करने की कोशिश करते हैं।
जालना-छपरा विशेष साप्ताहिक ट्रेन
- फोटो : ट्विटर/ रावसाहेब दानवे
दानवे ने कहा, जालना और छपरा के बीच खंडवा, प्रयागराज और वाराणसी के बीच रेल संपर्क मराठवाड़ा क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से एक सपना था। साप्ताहिक विशेष जालना-छपरा सेवा के उद्घाटन के मौके पर ट्रेन में 96 फीसदी सीटों पर यात्री बैठे, जो बहुत उत्साहित दिखे। रेल राज्य मंत्री ने कहा कि ट्रेन को साप्ताहिक सेवा के रूप में चलाया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की प्रतिक्रिया और जरूरतों के आधार पर भविष्य में इसे बढ़ाया जाएगा।
दानवे ने यह भी कहा कि एक और विशेष ट्रेन जालना और तिरुपति के बीच चलाई जाएगी, जिसे 29 अक्तूबर को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इस मौके पर मौजूद दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के रेल प्रबंधक उपिंदर सिंह ने कहा, रेलवे यात्रियों के पसंद के गंतव्य तक बेहतर कनेक्टिविटी की उम्मीदों को पूरा करने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।