रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के पदों की अब मुख्य परीक्षा भी ऑनलाइन होगी। बोर्ड स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। एनटीपीसी के इन पदों की प्री परीक्षा का रिजल्ट इसी माह आने की उम्मीद है। रिजल्ट आने के बाद आरआरबी मुख्य परीक्षा की तारीख का ऐलान कर देगा। यह पहला मौका होगा जब आरआरबी अपनी किसी भर्ती की मुख्य परीक्षा भी ऑनलाइन लेने जा रहा है।
बता दें कि देश के सभी आरआरबी की ओर से 18252 पदों पर भर्ती के लिए पहली बार बड़े स्तर पर ऑनलाइन परीक्षा ली गई। देश भर के तमाम भर्ती बोर्ड से इस परीक्षा में 96 लाख से ज्यादा परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। इस परीक्षा में तकरीबन 60 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए। 28 मार्च 2016 से 30 अप्रैल तक परीक्षा इलाहाबाद के अलावा कानपुर, आगरा, मथुरा, ग्वालियर, झांसी समेत कुल 22 शहरों के 127 केंद्रों में हुई।
सहायक स्टेशन मास्टर, गुड्स गार्ड, यातायात लिपिक आदि के पदों के लिए हुई इस प्री परीक्षा का रिजल्ट इसी माह आने की उम्मीद है। रिजल्ट आने के बाद रेलवे बोर्ड द्वारा मुख्य तिथि की परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। परीक्षा जनवरी माह में कराए जाने की तैयारी है।
आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एसएएम नकवी का कहना है कि इस माह एनटीपीसी की प्री परीक्षा का रिजल्ट आ सकता है। मुख्य परीक्षा भी ऑन लाइन ही होगी। अभ्यर्थी इसे लेकर कंफ्यूज न हो।
इन पदों के लिए हुई थी परीक्षा
पदनाम रिक्तियां
सहायक स्टेशन मास्टर (एएसएम) 5942
वाणिज्यिक प्रशिक्षु (सीए) 703
यातायात प्रशिक्षु (टीए) 1645
गुड्स गार्ड 7591
कनिष्ठ सहायक सह टंकण (जेएए) 1205
वरिष्ठ लिपिक सह टंकण 869
यातायात सहायक 166
वरिष्ठ समयपाल 04
पूछताछ सह आरक्षण लिपिक (इसीआरसी) 127