अनन्या एक्सप्रेस में सफर कर रहे सचिन चौबे के परिवार पर प्रभु की कृपा हो गई। परिवार के साथ चित्तौड़गढ़ से पटना जा रहे सचिन की सवा साल की बच्ची को दूध की जरूरत थी, जबकि सचिन को बीपी की समस्या हो रही थी। उन्होंने रेल मंत्री सुरेश प्रभु को ट्वीट करके समस्या बताई, तो दोपहर साढे़ तीन बजे ट्रेन के आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों ने बच्चे को दूध और यात्री को दवा उपलब्ध कराई।
अनन्या एक्सप्रेस में सफर कर रहे सचिन चौबे पत्नी और बेटी के साथ ए-1 कोच में सफर कर रहे थे। उनकी बेटी को दूध की जरूरत थी, जबकि सचिन को बीपी की दवा लेनी थी। उन्होंने कोच कंडक्टर से मदद नहीं मिलने पर रेल मंत्री को ट्वीट किया। इस पर रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने डीआरएम आगरा मंडल को ट्वीट किया।
डीआरएम के निर्देश पर अनन्या एक्सप्रेस के आगरा फोर्ट स्टेशन पर पहुंचने पर सीएमआई जीएस मीना ने बच्ची को दूध और सचिन को दवा उपलब्ध कराईं। सचिन ने इसके लिए रेल मंत्री और आगरा फोर्ट के स्टाफ का धन्यवाद किया।