त्योहारी मौसम में रेल टिकटों की कालाबाजारी के मद्देनजर रेलवे ने दलालों के खिलाफ अभियान चलाया है। सात अक्तूबर से शुक्रवार तक रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कुल पौने छह करोड़ रुपये के फर्जी टिकट जब्त किए हैं। 1268 फर्जी आईडी से ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले लोग धरे गए। मुंबई में फर्जी सॉफ्टवेयर बनाकर टिकट की बुकिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
रेल मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक फर्जी टिकट बेचने से जुड़े 166 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। 2 नवंबर तक 5 करोड़ 75 लाख रुपये के टिकट जब्त किए गए हैं। दिल्ली रेल प्रबंधक आरएन सिंह ने बताया कि रेलवे विशेष रूप से त्योहार और भीड़ के दिनों में दलालों पर अंकुश लगाने की मुहिम में जुटा है। शुक्रवार को आरपीएफ ने 110 जगहों पर रेड डाली। मिशन तत्काल के तहत रेलवे सुरक्षा बल टिकट दलालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।