फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: इमाम को 3000 तो पुरोहित को 1500 रुपये प्रतिमाह देगी ममता सरकार, पढ़ें देश की अहम खबरें

Tue, 22 Aug 2023 07:08 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सुजॉय तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में काम करते थे। वहीं, सीबीआई ने शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों से पूछताछ शुरू की।
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार सुजॉय कृष्ण भद्र के कालीघाट स्थित पूर्व कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया। ईडी ने जांच के सिलसिले में कोलकाता और उसके आसपास के कई स्थानों पर तलाशी ली। सुजॉय तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में काम करते थे। वहीं, सीबीआई ने शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों से पूछताछ शुरू की। जिन 344 शिक्षकों को सीबीआई ने तलब किया है, उनमें से हुगली के लगभग 30 शिक्षकों से जांच एजेंसी के निजाम पैलेस कार्यालय में पूछताछ की।

ममता सरकार अब इमामों को तीन हजार, पुरोहितों को 1,500 रुपये देगी भत्ता

विज्ञापन

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार को पंजीकृत इमामों और पुरोहितों के भत्तों में 500 रुपये की बढ़ोतरी का एलान किया। अब अगर किसी इमाम को लोन लेना होगा तो सरकार उसमें भी मदद करेगी और जरूरत के हिसाब से गारंटी भी देगी। मुख्यमंत्री के इस एलान के बाद अब राज्य में इमामों को 3,000 और पुरोहितों को 1500 रुपये मासिक भत्ता मिलेगा। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री ममता इमामों और मुअज्जिनों के सम्मेलन में कहा, हमारी क्षमता सीमित है। मैं उनका मासिक भत्ता 500 रुपये बढ़ाने का अनुरोध करूंगी। 

पटना के डीएम-एसपी को लोस स्पीकर ने किया तलब
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भाजपा सांसद जनार्दन सिग्रीवाल की शिकायत का संज्ञान लेते हुए पटना के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को 30 अगस्त को अपने चैंबर में तलब किया है। सिग्रीवाल ने संसद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर जानलेवा हमला करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

बीते 13 जुलाई को भाजपा ने पटना में शिक्षकों की नियुक्ति के संदर्भ में विरोध प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में पार्टी के कई सांसद और विधायक भी शामिल थे। इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया था। सांसद सिग्रीवाल का कहना था कि पुलिस ने उनकी ओर से परिचय देने के बावजूद उनकी बुरी तरह से पिटाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों को अब लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष उस दिन की घटना का पूरा विवरण देने के साथ यह भी बताना होगा कि आखिर किन परिस्थितियों में सांसद के खिलाफ बल प्रयोग किया गया।  

1,500 करोड़ का घोटाला बंगाल में यूआरओ ग्रुप का मालिक गिरफ्तार

विज्ञापन

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को चिटफंड इकाई यूआरओ ग्रुप के मालिक-निदेशक विश्वप्रिय गिरी को बहु-स्तरीय विपणन योजनाओं में निवेशकों से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया। इससे पहले फरवरी 2015 में पश्चिम बंगाल में चिट फंड घोटाला सामने आने के तुरंत बाद उन्हें इसी सिलसिले में बिधाननगर सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जानकारी के मुताबिक, ईडी के अधिकारियों ने उन्हें रविवार दोपहर कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में केंद्रीय एजेंसी के साल्ट लेक कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए समन जारी किया था। सूत्रों ने बताया कि घंटों तक मैराथन पूछताछ के बाद आखिरकार उसे सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।

एनसीसीएफ के पूर्व चेयरमैन और अदाणी एंटरप्राइजेज के खिलाफ मामला बंद
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आंध्र प्रदेश विद्युत उत्पादन निगम को आयातित कोयला आपूर्ति ठेके में कथित अनियमितता मामले में अदाणी एंटरप्राइजेज और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ के एक पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ मामला बंद कर दिया है। एजेंसी ने विशेष सीबीआई अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की है, जिसमें एनसीसीएफ के पूर्व प्रबंध निदेशक जीपी गुप्ता और वरिष्ठ सलाहकार एससी सिंघल पर भी मामला दर्ज किया था। अब विशेष अदालत फैसला लेगी कि मामले को बंद कर दिया जाए या उपलब्ध सामग्री के आधार पर मुकदमा आगे बढ़ाया जाए। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक मंत्रालय की तत्कालीन उप सचिव प्रेमराज कौर की शिकायत पर तीन साल की प्रारंभिक जांच के बाद सीबीआई ने 2020 में अदाणी एंटरप्राइजेज, एनसीसीएफ के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था।

पुलिस बनकर ठगने वाला छात्र गिरफ्तार, 380 पहचान पत्र मिले
केरल में पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को ठगने के आरोप में नर्सिंग के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बेनेडिक्ट साबू (25) के रूप में हुई है। वह केरल का रहने वाला है और मंगलूरू के एक कॉलेज में नर्सिंग कोर्स की पढ़ाई कर रहा है। उससे 380 आईडी कार्ड बरामद किए गए हैं, जिसमें उसको केरल रॉ अधिकारी के रूप में दिखाया गया है। 

रत्नागिरी समुद्र तटों पर लाई गई 250 किलो हशीश जब्त
सीमा शुल्क विभाग ने छह दिनों में महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के सात समुद्र तटों पर 250 किलोग्राम से अधिक हशीश जब्त कर ली। एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि 14 से 19 अगस्त के बीच जिले के कर्डे, लाडघर, केल्शी, कोलथारे, मुरुड, बुरुंडी, बोर्या और दाभोल क्रीक तटों पर लाई गई हशीश जब्त किया गया। विभाग को संदेह है कि ये अफगानिस्तान और पाकिस्तान से लाया गया था। ब्यूरो

गडकरी आज करेंगे बहुप्रतीक्षित भारत एनसीएपी की शुरुआत
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को बहुप्रतीक्षित भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (भारत एनसीएपी) की शुरुआत करेंगे। मंत्रालय की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत एनसीएपी देश में 3.5 टन तक के मोटर वाहनों के सुरक्षा मानकों को बढ़ाकर सड़क हादसे रोकने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता में अहम कदम है। इसका मकसद कार ग्राहकों को बाजार में उपलब्ध मोटर वाहनों की दुर्घटना संबंधी सुरक्षा का एक तुलनात्मक मूल्यांकन करने के लिए एक उपकरण प्रदान करना है। 

रैगिंग मामले पर जादवपुर विवि की रिपोर्ट असंतोषजनक : यूजीसी
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष, एम जगदीश कुमार ने कहा कि यूजीसी ने पाया है कि जादवपुर विवि की ओर से रैगिंग मामले पर भेजा गया दूसरा उत्तर असंतोषजनक है। यूजीसी जल्द ही विस्तृत स्पष्टीकरण के लिए फिर से लिखेगा। कुमार ने कहा कि रैगिंग गंभीर मुद्दा है और जादवपुर विवि को छात्रों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए यूजीसी नियमों का पालन करना चाहिए। 

ओडिशा के पूर्व वन अधिकारी व बेटे के खिलाफ आरोप पत्र दायर
ओडिशा स्थित भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) के पूर्व अधिकारी अभय कांत पाठक और उनके बेटे आकाश कुमार पाठक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में ईडी ने आरोप पत्र दायर कर दिया। आकाश कुमार पाठक पर भी टाटा मोटर्स में नौकरी दिलाने के बदले मासूम लोगों को धोखा देने का मामला दर्ज किया गया था। ईडी ने एक करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क करने के अलावा उनकी एक बीएमडब्ल्यू कार भी जब्त कर ली है।

11 वर्षीय बच्ची को गर्भ गिराने की इजाजत
कलकत्ता हाईकोर्ट ने 11 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता के गर्भपात की इजाजत दे दी है। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़िता 26 सप्ताह की गर्भवती है। जस्टिस सब्यसाची भट्टाचार्य ने एसएसकेएम अस्पताल को जल्द से जल्द नाबालिग का गर्भपात करने का निर्देश दिया है। पूर्व मेदिनीपुर जिले के तमलुक अस्पताल ने हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश कर कहा कि नाबालिग की शारीरिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए गर्भपात कराना जरूरी है। तमलुक अस्पताल में कोई बुनियादी ढांचा नहीं होने के कारण नाबालिग को कोलकाता स्थित एसएसकेएम अस्पताल लाना पड़ा। हाईकोर्ट ने 24 घंटे के अंदर मेडिकल बोर्ड के गठन का निर्देश दिया। आदेश के मुताबिक, चार विभागों के सक्षम डॉक्टर 48 घंटे के अंदर नाबालिग की शारीरिक जांच करेंगे। परिवार को जब मामले की जानकारी हुई तो नाबालिग 23 हफ्ते 6 दिन की गर्भवती थी। मामले की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। घटना में पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया है। तीनों ही आरोपी नाबालिग हैं। बेटी के गर्भपात के लिए माता-पिता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें