ओडिशा और बंगाल में ईडी की छापेमारी, 120 करोड़ रुपये की निवेश धोखाधड़ी का मामला
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित निवेश धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में बुधवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। यह मामला करीब 120 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है, जिसमें आम लोगों को निवेश के नाम पर ठगा गया। अधिकारियों के मुताबिक, ईडी की जांच ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की ओर से दर्ज एफआईआर पर आधारित है। आरोप है कि काल्पना फाइनेंशियल सर्विसेज के नाम से संचालित योजना में लोगों को शेयर बाजार और ट्रेडिंग में पैसा लगाने का झांसा दिया गया। निवेशकों को हर महीने 3.5 से 7 प्रतिशत तक निश्चित रिटर्न देने का वादा किया गया था। ईडी के अनुसार, योजना के प्रमोटरों ने जनता से करीब 120 करोड़ रुपये जुटाए। धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई कार्रवाई में कंपनी और उसके निदेशक अमित मंडल के ठिकाने भी शामिल हैं। मंडल को ओडिशा ईओडब्ल्यू ने जनवरी में गिरफ्तार किया था।