कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार से पांच दिन के सिंगापुर और मलेशिया दौरे पर निकल गए हैं। इस दौरान वह भारतीय प्रवासियों से संपर्क करेंगे। उम्मीद है कि वह दोनों देशों के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि बुधवार को सिंगापुर पहुंचते ही एयरपोर्ट पर एक युवा प्रशंसक ने हाथ में पोस्टर लेकर राहुल का स्वागत किया। कांग्रेस अध्यक्ष 9 मार्च को सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली हसियन लूंग और 10 मार्च को मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाब से मुलाकात कर सकते हैं।
सिंगापुर में वह 8 मार्च को भारतीय उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे और नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर का दौरा कर औपचारिक संबोधन करेंगे। वह बृहस्पतिवार को ही सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात करेंगे।