पंजाब के गुरुदासपुर से कांग्रेस के सांसद सुनील जाखड़ प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप साबित करने के लिए दस्तावेजों का गट्ठर लेकर आए थे। यह गट्ठर पंजाब सरकार द्वारा किसानों का कर्जा माफ किए जाने से संबंधित था। सुनील जाखड़ का कहना है कि पंजाब में जाकर प्रधानमंत्री किसानों का कर्जा माफ करने को लेकर झूठ बोल रहे हैं। हालांकि सुनील जाखड़ इस दस्तावेज को लोकसभा में नहीं रख पाए। इसके सामानांतर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में किसानों का कर्जा माफ करने का संदेश देने के लिए नई रणनीति बनाई है। राहुल गांधी किसानों के मुद्दे को लेकर काफी संवेदनशील हैं और वह लोकसभा चुनाव 2019 को केन्द्र में रखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सहयोग से चल रही कर्नाटक सरकार और कांग्रेस के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकारों से पार्टी के वादे पर ईमानदारीसे अमल करने के लिए कहा है। कांग्रेस पार्टी के सूत्र बताते हैं किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष म.प्र., राजस्थान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से लगातार फीडबैक ले रहे हैं। कांग्रेस का मानना है कि किसानों से किया वादा भाजपा के लिए लगातार भारी पड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की लागत घटाकर आय दो गुनी करने के अपने वादे पर खरे नहीं उतर पाए हैं। किसान दुर्दशा में हैं और केन्द्र सरकार के रुख से नाराज हैं। भाजपा के नेता भी मानते हैं कि कांग्रेस का किसान का कर्जा माफ करने के वादे ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में काफी नुकसान कराया है।
राहुल गांधी की मौजूदगी में किसानों को मिलेगा कर्जामाफी पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष ने 9 जनवरी को राजस्थान के जयपुर में जाने के लिए अपनी सहमति दे दी है। इसके अगले दिन वह भोपाल और फिर छत्तीसगढ़ के रायपुर में जाना चाहते हैं। इस तरह से 10 जनवरी को भोपाल और 11 जनवरी को रायपुर की यात्रा प्रस्तावित है। राहुल गांधी यहां किसानों कर्जा माफ होने के बाद अपनी मौजूदगी में उन्हें प्रमाण पत्र देते हुए देखना चाहते हैं। सूत्र बताते हैं कि इसे केन्द्र में रखकर तीनों स्थानों पर जनसभा भी प्रस्तावित है। राहुल गांधी लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की किसान नीति, रोजगार नीति समेत अन्य पर जमकर हमला बोलेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष की इस योजना को लोकसभा चुनाव अभियान 2019 से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने बताया धोखा
पंजाब में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के किसान कर्जा माफ के वादे को किसानों के साथ धोखा करार दिया। राहुल गांधी की योजना प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर झूठा साबित करने की है। कांग्रेस पार्टी के एक शीर्ष नेता का कहना है कि प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वह करते नहीं। यह जनता भी जान चुकी है। अहमद पटेल का भी कहना है कि प्रधानमंत्री आंख में धूल झोकने में माहिर हैं। यही वजह है कि मोदी सरकार के प्रति जनता में नाराजगी बढ़ रही है। पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि जब कांग्रेस की सरकारें अपना वादा पूरा करती दिखाई देंगी तो इससे जनता में विश्वास बढ़ेगा। यह विश्वास भाजपा के लिए चुनाव में भारी पड़ेगा।