घायल को लेकर ट्रैक पर दौड़ते पूनम बिल्लोरे
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में रेलवे ट्रैक पर घायल युवक को कंधे पर लादकर अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिसकर्मी पूनम बिल्लोरे की तारीफ करते हुए सोमवार को कहा कि वह देश के सभी नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'पूनम बिल्लोरे जी, आप मिसाल कायम करने वाले पुलिसकर्मी हैं। आप देश के सभी नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हम सभी को आप पर बहुत गर्व है।'
खबरों के मुताबिक, होशंगाबाद जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर शिवपुर के पास ट्रेन से गत शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर गिरे 35 वर्षीय युवक को पूनम बिल्लोरे लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर तक कंधे पर उठाकर ले गए। इसके चलते गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। सोशल मीडिया में इसका वीडियो वायरल हुआ है और लोग बिल्लोरे की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
कांस्टेबल बिल्लोरे ने बताया था कि घायल जिस जगह पर पड़ा था वह स्थान रेलवे गेट से 2 किलोमीटर दूर था। जहां एंबुलेंस का पहुंचना मुश्किल था। जब मैं वहां पहुंचा तो देखा कि शख्स गंभीर रूप से घायल है। इसी कारण मैं उसे कंधे पर उठाकर डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग तक लेकर गया। फिर मैंने उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया।
यह घटना 24 फरवरी को सिवनी मालवा के पीपलगांव में घटी थी। पुलिस को यहां एक शख्स के ट्रेन से गिरने की खबर मिली थी। जिसके बाद कांस्टेबल बिल्लोरे ड्राइवर राहुल साकल्ले के साथ उसे बचाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। सड़क न होने की वजह से वह पैदल ही रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचे। ए। घायल शख्स की पहचान 20 साल के अजीत कुमार के तौर पर हुई थी।