कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों की आलोचना के लिए प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी रियर व्यू मिरर (वाहनों में पीछे देखने वाली शीशा) देखकर देश चला रहे हैं जो दुर्घटनाओं की वजह बनेगा, जबकि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भविष्य को देखकर सरकार चला रहे हैं। प्रधानमंत्री को सिद्धारमैया से शासन चलाने के गुण सीखने चाहिए।
राहुल चार दिवसीय
कर्नाटक दौरे पर हैं। अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए बेल्लारी के होसापेटे में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने इस हफ्ते संसद में एक घंटे से ज्यादा वक्त का भाषण दिया लेकिन वह किसानों के ज्वलंत मुद्दों, बेरोजगारी, आदिवासी और दलितों पर एक शब्द भी नहीं बोले। हालांकि वह पहले की सरकारों पर जमकर बोले। मोदी जी, देश ने आपको भूतकाल के बारे में बोलने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया था। देश आपसे भविष्य की योजनाओं के बारे में जानना चाहता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के बारे में खूब बोलते हैं लेकिन बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। भ्रष्टाचार के आरोप में उन्हें बर्खास्त किया गया था। उन्होंने लोगों से वादा किया कि यदि उनकी पार्टी की दोबारा सरकार बनी तो वह मौजूदा समय से दोगुना काम करेगी।
राफेल सौदे में हुआ भ्रष्टाचार
राफेल लड़ाकू विमान के सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए राहुल ने पीएम मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने दोस्त को फायदा पहुंचाने के लिए खुद फ्रांस जाकर राफेल सौदे में बदलाव कराया। हमने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से तीन सवाल पूछे लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
रोड शो भी करेंगे राहुल
राहुल उत्तर कर्नाटक के बेल्लारी के अलावा कोप्पल, रायचूर, कालाबुर्गी और बिदर भी जाएंगे। इस दौरान वह जनसभाओं को संबोधित करेंगे और रोड शो भी करेंगे। साथ ही किसानों और अन्य लोगों से भी मुलाकात करेंगे।