राहुल गांधी ने चीन सीमा मामले को लेकर शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें कहा कि कल रक्षा मंत्री आकर एक छोटा भाषण देते हैं, प्रधानमंत्री ने आकर ऐसा क्यों नहीं कहा। उन्होंने रक्षा मंत्री से बयान देने को क्यों कहा। प्रधानमंत्री को कहना चाहिए कि मैंने भारत की जमीन चीन को दे दी है।
राहुल ने पूछे ये सवाल
कांग्रेसी नेता ने कहा कि जो रणनीतिक क्षेत्र है, जहां चीन अंदर आकर बैठा है उसके बारे में रक्षा मंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। मोदी ने भारतीय क्षेत्र को चीन को क्यों दिया? क्यों सेना को कैलाश रेंज से पीछे हटने को कहा गया? देपसांग प्लेन्स से चीन वापस क्यों नहीं गया? इसका जवाब रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को देना चाहिए। राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में कहा, "देश की जमीन की रक्षा करना प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है। वो ऐसा कैसे करते हैं, ये उनकी समस्या है, मेरी नहीं।"
राहुल के बयान पर मोदी सरकार का पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी ने कहा कि चीन को जमीन किसने दी है, यह बात राहुल को अपने दादा जवाहर लाल नेहरू से पूछनी चाहिए।