कर्नाटक दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वहां चुनावी शंखनाद कर दिया है। एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता ने कहा, 'कर्नाटक में बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है।' उन्होंने ये बयान तब दिया जब कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डी के शिवकुमार ने बुधवार को पार्टी के दिग्गज नेता सिद्धारमैया को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मंच पर ही गले लगा लिया।
कांग्रेस कर्नाटक में चुनाव के लिए एकजुट
कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख शिवकुमार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को उनके 75वें जन्मदिन पर सम्मानित करने के बाद गले लगाने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि आज मैं सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को मंच पर एक-दूसरे को गले लगाते हुए देखकर खुश हूं। उन्होंने कहा कि शिवकुमार ने कांग्रेस संगठन के लिए बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कहा कि 'कर्नाटक में भाजपा और आरएसएस को हराने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है।'
राहुल ने कर्नाटक सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में आएगी तो वह स्वच्छ और ईमानदार सरकार बनकर राज्य के भविष्य के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में नफरत फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पिछले कुछ दिनों में राज्य में हुई तीन हत्याओं और उनके सांप्रदायीकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा कर्नाटक में पहले कभी नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि जब हम संयुक्त राज्य अमेरिका में लोगों से पूछते हैं कि वे आज कर्नाटक के बारे में क्या सोचते हैं, तो वे कहेंगे कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब कर्नाटक में सद्भाव था। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता सिद्धारमैया को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। सिद्धारमैया की तारीफ कते हुए उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जो बड़े होने पर छोटे दिखते हैं।
गौरतलब है कि अगले साल अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इन चुनावों के बाद अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री पद की रेस में शिवकुमार और सिद्धारमैया सबसे आगे हैं।