परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच समर्थन जुटाने की कोशिश तेज हो गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत इंडिया गुट के नेताओं ने रविवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की।
शरद पवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी बोले- हमारी लड़ाई जारी है
शरद पवार अस्पताल में भर्ती हैं और डिहाइड्रेशन की समस्या के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमारी लड़ाई जारी है। सब ठीक है। राहुल गांधी ने यह बात अस्पताल से बाहर निकलने के बाद कही। उनके इस संक्षिप्त बयान के अलावा मुलाकात के एजेंडे या शरद पवार के साथ हुई बातचीत को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
शरद पवार से मिलने क्यों पहुंचे राहुल-खरगे?
महाराष्ट्र कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने पीटीआई को बताया कि राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने शरद पवार का हालचाल जाना। उन्होंने पवार से परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने और विपक्ष के रुख के साथ खड़े रहने की अपील की। नेताओं ने उनसे इंडिया गुट के फैसले का समर्थन करने का अनुरोध किया।
कांग्रेस नेता के मुताबिक, शरद पवार ने इस मुद्दे पर चर्चा करने की बात कही। इस मुलाकात के दौरान एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले मौजूद नहीं थीं। हालांकि, उनकी बेटी और दामाद उस समय अस्पताल में शरद पवार के साथ थे।
चेन्नई में स्टालिन से मिलने के बाद मुंबई पहुंचे नेता
इंडिया गठबंधन के नेता इससे पहले चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर मुंबई पहुंचे थे। स्टालिन से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी भी शामिल थीं, लेकिन वह मुंबई नहीं पहुंचीं। मुंबई हवाई अड्डे पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने विपक्षी नेताओं का स्वागत किया।
शरद पवार की पार्टी के लोकसभा में आठ सांसद हैं। ऐसी चर्चा है कि एनसीपी (एसपी) परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक अपने रुख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। सुप्रिया सुले ने कई बार संकेत दिए हैं कि उन्हें विधेयक का समर्थन करने पर आपत्ति नहीं है। इस बीच, शरद पवार के भतीजे और पार्टी विधायक रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को खुला पत्र लिखकर उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है।
स्टालिन ने दोहराया तमिलनाडु का रुख
रविवार को इंडिया गुट के नेताओं ने चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात कर परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं। हालांकि, स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी का रुख तमिलनाडु के हितों को प्राथमिकता देने का है। उन्होंने दावा किया कि अगले 25 वर्षों तक राज्य की राजनीतिक ताकत सुरक्षित रखने के लिए विधेयक का समर्थन करना ही एकमात्र रास्ता है।
30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा विधेयक
केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसके तहत लोकसभा और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने की योजना है।
प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए लोकसभा सीटों की संख्या तथा विधानसभाओं की कुल सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद सीटों के नए आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
सरकार का दावा- 371 सांसदों का मिला समर्थन
इस बीच, सरकार ने दावा किया है कि उसे लोकसभा के 371 सांसदों का समर्थन मिल चुका है। यह संख्या संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत से अधिक बताई गई है।
विपक्षी दलों का आरोप है कि परिसीमन से जुड़ा यह संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए खतरा है। उनका कहना है कि इसके जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का राजनीतिक हितों के मुताबिक पुनर्निर्धारण हो सकता है। विपक्ष ने यह भी आशंका जताई है कि इससे अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ेगा। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने का भी विरोध कर रहे हैं।