केंद्रीय मंत्री व रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के अध्यक्ष रामदास अठावले ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि जब तक राहुल गांधी नेता रहेंगे तब तक मोदी चुनाव जीतते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हो सकता है साल 2019 में भाजपा की सीटें कुछ कम हो लेकिन, सरकार भाजपा के नेतृत्ववाली एनडीए की ही बनेगी।
सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले शनिवार को मुंबई के सरकारी अतिथिगृह सह्याद्री में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस पर यह कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच किसी भी तरह का कोई मुकाबला नहीं है। इसलिए राहुल गांधी जितने लंबे समय तक कांग्रेस के नेता रहेंगे उतने समय तक मोदी चुनाव जीतते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी साल 2019 में भी बीजेपी गठबंधन का हिस्सा रहेगी।
अठावले ने कहा कि आरपीआई एससी-एसटी अधिनियम के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी। अठावले ने माना कि कुछ मामले ऐसे हैं जिनमें एससी-एसटी अधिनियम का दुरुपयोग हुआ है लेकिन यह वंचित वर्ग के लिए बहुत सुरक्षात्मक है।
भाजपा से नहीं कांग्रेस से सामना करे शिवसेना
रामदास अठावले ने शिवसेना-भाजपा संबंधों पर कहा कि यहां शिवसेना का सामना (मुखपत्र) बीजेपी का सामना कर रही है जबकि उसे कांग्रेस का सामना करना चाहिए। दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने कांग्रेस का विरोध किया था लेकिन वर्तमान में सामना जो कर रहा है उससे कांग्रेस को फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि अलग चुनाव लड़ने पर ज्यादा नुकसान शिवसेना का ही होगा।
एनडीए में आए पवार तो बनवा सकते हैं मंत्री
एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं पर अठावले ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब शरद पवार की क्षमता को दरकिनार कर मनमोहन सिंह को पीएम बनाया गया था। पवार क्षमतावान हैं लेकिन, अब उनका प्रधानमंत्री बन पाना संभव नहीं है। अगर पवार एनडीए में शामिल होते हैं तो उनको ठीकठाक मंत्री पद दिलवाने की कोशिश करूंगा।