बजट सत्र के दूसरे हिस्से में संसद का कामकाज ठप रहने के लिए सरकार ने
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया है। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद न सिर्फ कांग्रेस का ग्राफ गिरा है, बल्कि संसद की कार्यवाही पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कांग्रेस पर गतिरोध दूर करने के फार्मूले पर सहमति के बाद पीछे हटने का आरोप लगाया।
मंत्री बोले- अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस के साथ संसद की कार्यवाही का भी ग्राफ गिरा
कुमार ने कहा कि सदन में कामकाज ठप कराने के लिए कांग्रेस ने छोटे दलों का पिछलग्गू बनने से भी परहेज नहीं किया। पीएनबी घोटाला मामले में कांग्रेस नियम 193 के तहत चर्चा कराने के लिए तैयार थी, लेकिन बाद में वह पलट गई। इसी प्रकार राज्यसभा में लगातार हंगामा करने के बाद अब कांग्रेस कह रही है कि वह इस मुद्दे पर बिना वोट वाले नियम के तहत भी चर्चा कराने के लिए तैयार है।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास संसद का 70 साल और सरकार चलाने का लंबा अनुभव है। फिर भी यह पार्टी महज संसद ठप कराने के लिए नियम विरुद्ध मांगें रख रही है।