कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को असम में विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने शिवसागर जिले के शिवनगर बोर्डिंग फील्ड में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने असम के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत कांग्रेस नेता तरुण गोगोई की काफी तारीफ की। राहुल ने कहा कि अवैध इमिग्रेशन एक मुद्दा है, लेकिन असम के लोगों में वो क्षमता है कि इस मुद्दे को वे खुद सुलझा सकते हैं। राहुल सहित कांग्रेस के नेता 'नो सीएए' (सीएए नहीं) का गमछा पहने नजर आए।
कांग्रेस सांसद ने कहा, 'हम दो, हमारे दो असम को चला रहे हैं। असम से जाओ, आग लगाओ और जो कुछ भी असम में है उसे लूट लो। दुनिया की कोई भी ताकत असम को नहीं तोड़ सकती। जो भी असम समझौते को छूने या नफरत फैलाने की कोशिश करेगा, कांग्रेस पार्टी और असम के लोग उन्हें एक साथ सबक सिखाएंगे। मैं और कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता असम समझौते के सिद्धांतों की रक्षा करेंगे, हम इससे एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे। भाजपा, आरएसएस असम को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, नरेंद्र मोदी और अमित शाह इससे प्रभावित नहीं होंगे लेकिन असम और पूरा देश इससे प्रभावित होगा।'