कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे वार किए। उन्होंने मोदी और बीजेपी पर ध्रुवीकरण के आरोप लगाए और कहा कि जब इन्हें (हार का) डर लगता है तो ये और नफरत फैलाते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और मोदी चाहें जितनी कोशिश कर लें ये देश टूटने वाला नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले जितना चाहे मजाक उड़ा लें, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, नफरत फैलाते हैं। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के महापुरुषों तक को बांटने में लगे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री को ये शोभा नहीं देता। राहुल ने कहा कि सरदार पटेल, गांधी, नेहरू आदि सब महापुरुषों ने भारत की शांति और अहिंसा के लिए बलिदान दिया। राहुल ने आगे कहा, 'मोदी जी आप हिंदुस्तान को बांट नहीं सकते, ये देश एक और एक रहेगाा।'
राहुल ने अंत में एक शे'र भी पढ़ा।
'हिंदू बनेगा न मुसलमान बनेगा
इंसान की औलाद है इंसान बनेगा'
राहुल ने दावा किया कि चुनाव में कांग्रेस और सपा गठबंधन की जीत होगी और उन्हीं का मुख्यमंत्री बनेगा।