कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा गुजरात के मेहसाणा में किए गए खुलासे ने भले ही भूचाल न लाया हो, लेकिन कांग्रेस सूत्रों का दावा है कि उनके पास खुलासा करने के लिए कुछ और सबूत हैं।
सूत्रों को हवाला देते हुए अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने लिखा है, 'राहुल गांधी ने अब तक जो खुलासे किए हैं वह भले ही पहले से पब्लिक डोमेन में है, लेकिन उनके पास कालेधन को लेकर कुछ और नई सूचनाए हैं। इसका निर्णय लेना अभी बाकी है, कब और कैसे इसे जनता के सामने पेश किया जाएगा'।
सूत्रों का कहना है कि हो सकता है भविष्य में किया गया खुलासा नोटबंदी से जुड़ा न हो, लेकिन यह निश्चित तौर पर कालेधन की डील से जुड़ा है। सूत्रों का कहना है कि भविष्य में जो आरोप लगाए जाएंगे वह भी सीधे तौर पर प्रधानमंत्री से जुड़े होंगे।
बताते चलें कि बुधवार को गुजरात में राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप पर सोशल मीडिया पर पहले ही बहस हो चुका है। वहीं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक याचिका में भी इसका जिक्र किया जा चुका है।