लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में आए पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन और टीवीके प्रमुख विजय से फोन पर बातचीत की। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों पर चर्चा की और टीवीके के प्रदर्शन के लिए विजय को बधाई भी दी।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और एम.के. स्टालिन से चुनाव नतीजों को लेकर बात की। साथ ही उन्होंने टीवीके प्रमुख विजय को उनकी पार्टी के प्रदर्शन पर शुभकामनाएं दीं। इस चुनाव में पश्चिम बंगाल में टीएमसी को भाजपा के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जबकि तमिलनाडु में डीएमके को नए राजनीतिक दल टीवीके से चुनौती मिली। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ा, वहीं तमिलनाडु में डीएमके के साथ गठबंधन में हिस्सा लिया।
कांग्रेस, जो डीएमके गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरी थी, राज्य में लगभग पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। चोडणकर के अनुसार, इस चुनाव में युवा और महिला मतदाताओं ने बड़ी संख्या में TVK के पक्ष में मतदान किया है, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है और खासकर युवाओं व महिलाओं का झुकाव TVK की ओर अधिक रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को सौंप दी है।
चोडणकर के मुताबिक, अब कांग्रेस नेतृत्व ही यह तय करेगा कि तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक स्थिति में पार्टी की आगे की रणनीति क्या होगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि TVK की मजबूत मौजूदगी ने राज्य की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति में नए बदलाव के संकेत दिए हैं, जहां अब तक सत्ता डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधनों के बीच घूमती रही है।