लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर सरकार को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो क्लिप साझा की है। राहुल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों का जिक्र करते हुए भारत पर हो रहे कथित दुष्प्रभावों को रेखांकित किया है। राहुल ने कहा है कि टैरिफ के कारण देश में करोड़ों नौकरियों के अलावा लाखों व्यवसायी भी खतरे में हैं। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि लोगों को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रभावी फैसले नहीं लिए।
कांग्रेस सांसद ने 'दुर्दशा' के लिए प्रधानमंत्री को बताया जवाबदेह
45 करोड़ से अधिक नौकरियां और लाखों व्यवसाय खतरे में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहत के लिए प्रभावी कदम न उठाने के आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी ने न तो कोई राहत दी और न ही टैरिफ के बारे में आज तक कोई बयान दिया है। उन्होंने लिखा, '45 करोड़ से अधिक नौकरियां और लाखों व्यवसाय खतरे में हैं। मोदी जी, आप जवाबदेह हैं; कृपया इस मामले पर ध्यान दें!'
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को लेकर लगातार हमलावर रही है कांग्रेस
गौरतलब है कि राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस पार्टी के कई नेता पीएम मोदी की आर्थिक नीतियों को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणियां करते रहे हैं। इससे पहले जब राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उस समय उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन जैसी हस्तियों के साथ भी देश और वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की थी। इस चर्चा के दौरान भी सरकार के फैसलों को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया गया था।