महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा की पुरानी दोस्ती टूटने की कगार पर है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को जन्मदिन की बधाई देकर संबंधों को नया मोड़ दे दिया है। इससे सूबे की राजनीति में नए समीकरण बनने और कांग्रेस-शिवसेना के बीच गठबंधन की हलचल शुरू हो गई है।
राहुल गांधी ने उद्धव को जन्मदिन की बधाई में ट्वीटर पर लिखा कि उद्धव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।
शिवसेना और भाजपा के बीच बढ़ती तनातनी के मद्देनजर राहुल गांधी की ओर से दी गई शुभकामना के मायने निकाले जाने लगे हैं। हालांकि शिवसेना और कांग्रेस के बीच विचारधारा का मतभेद है। लेकिन, बदलते समीकरण के बीच गठबंधन की गुंजाइश बन सकती है।
पिछले दिनों संसद में मोदी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी ने अपने भाषण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाकर उन्हें गले लगाया था। उसके बाद शिवसेना ने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की थी।
इतना ही नहीं, शिवसेना ने सत्ता में रहते हुए भी अपनी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग में भाजपा का साथ नहीं दिया था। माना जा रहा है कि इसके चलते अब कांग्रेस अध्यक्ष ने शिवसेना की ओर अपना हाथ आगे बढ़ाया है।