बता दें केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने हम फिट तो इंडिया फिट के नाम से मुहिम चलाई थी। इसमें उन्होंने विराट कोहली, रितिक रोशन और साइना नेहवाल को टैग किया था। इसके बाद उनका ये चैलेंज विराट कोहली ने स्वीकार करते हुए पीएम मोदी को चैलेंज किया था। फिर जब पीएम मोदी ने उनका ये चैलेंज स्वीकार किया तो राहुल गांधी ने पीएम को फ्यूल चैलेंज कर दिया। अब कीमतों में एक पैसे की गिरावट के बाद उन्हें दोबारा पीएम पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।
राहुल के अलावा
कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके मनीष तिवारी ने ट्वीट कर कहा, "पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आई एक पैसे की कमी के बाद शायद धर्मेंद्र प्रधान चाहते हों कि देश इस खुशी में डांस करने लगे। पूरे एक पैसे की कमी! वाह!" इसके अलावा कांग्रेस के ट्वीटर अकाउंट से भी ट्वीट किया गया, "पूरी सरकार तेल के दाम कम करने पर विचार ही करती रह गई और तेल अपने आप पूरा 1 पैसा सस्ता हो गया।"
वहीं कांग्रेस की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि "डीजल पेट्रोल की कीमतों में बहुत बड़ी 1 पैसे की गिरावट। कीमतों में आई इस कमी से उम्मीद है कि हम बहुत सारी बचत कर सकेंगे। शॉपिंग लिस्ट भी बना ली है। 1 पैसे में आप क्या खरीद सकते हैं... उम्मीद है बीजेपी के दोस्त मेरी मदद करेंगे:-)।"
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक चुनाव के दौरान लगातार 19 दिनों तक दोनों ईंधनों के दाम में तब्दीली नहीं होने के बाद बीते 14 मई से कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला चालू था। तब से पेट्रोल 3.91 रुपये जबकि डीजल 3.38 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके थे।
दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 1 पैसे घटकर 78.42 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 69.30 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 81.05 रुपये, मुंबई में 86.23 रुपये और चेन्नई में 81.42 रुपये प्रति लीटर की गई है।
इसी तरह डीजल के दामों में भी कटौती की गई है। कोलकाता में 71.85 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 73.78 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 73.17 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के संकेत मिलने के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी से सरकार पर तेल की कीमत कम करने का दबाव बना था।