अमेरिका गए राहुल गांधी मां सोनिया गांधी के साथ स्वदेश लौट चुके हैं। कांग्रेस के एक नेता का कहना है कि पार्टी में अब लोकसभा चुनावों में हार से जुड़े कारणों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने बताया कि कांग्रेस के दोनों नेता देश पहुंच चुके हैं। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर कि क्या हार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की जाएगी, सिंघवी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष हर मुद्दे पर चर्चा करेंगीं। लेकिन फिलहाल मीटिंग होने में थोड़ा समय लगेगा।
प्रेस कांफ्रेस के दौरान सिंघवी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। पार्टी में बदलाव के मुद्दे पर चर्चा सोमवार के बाद होगी जब राहुल संसद की चर्चा में भाग लेकर लौटेंगे।
राहुल चुनाव परिणामों के आने के 3 दिन बाद ही अमेरिका चले गए थे। जिसके बाद विरोधियों ने उनका मजाक ये कहकर उडा़ना शुरू कर दिया था कि राहुल गांधी हार के बाद बने हालातों की वजह से देश छोड़कर चले गए हैं। इस पर कांग्रेस पार्टी ने जवाब दिया था कि राहुल अपनी बीमार मां को वापस लाने के लिए अमेरिका रवाना हुए हैं।