ओडिशा के आध्यात्मिक शहर पुरी में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) ने रथ पर मोबाइल प्रतिबंधित होने के बावजूद इस्तेमाल करने वाले सेवकों (servitors) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानिए क्या है पूरा मामला
पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान रथों पर मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित रखा गया था। हालांकि, मोबाइल फोन पर बैन के बावजूद कई सेवकों ने इस प्रतिबंध का उल्लंघन किया। अब SJTA ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सेवकों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
विज्ञापन
एसजेटीए ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई
रिपोर्ट के मुताबिक पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) ने रथ यात्रा के दौरान रथों पर मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर कुछ सेवकों के खिलाफ औपचारिक रूप से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत एसजेटीए के सुरक्षा विशेष कार्याधिकारी (OSD) ने सिंहद्वार पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है।
मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध के बावजूद रथ पर सेवकों ने...
शिकायत में कहा गया है कि रथों पर मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध होने के बावजूद, कुछ सेवकों ने रथ यात्रा के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग किया। इसकी पुष्टि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में सामने आई तस्वीरों और वीडियो से हुई है। शिकायत के मुताबिक सेवकों का आचरण धार्मिक परंपराओं और रस्मों की पवित्रता को भंग करता है। इससे बड़ी भीड़ के बीच जन-सुरक्षा और संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न करता है।
सोशल मीडिया वीडियो से हुआ खुलासा
एसजेटीए ने शिकायत के साथ कुछ फोटो सबूत भी संलग्न किए हैं, जिसमें सेवक रथों पर मोबाइल का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसे प्राथमिकी (FIR) के रूप में दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
धार्मिक गरिमा को बनाए रखना जरूरी, सख्त कार्रवाई की मांग
रथ यात्रा जैसे पवित्र आयोजन के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध एक पुरानी परंपरा है, जिसका उद्देश्य धार्मिक गरिमा को बनाए रखना और लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने इस उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संबंधित वीडियो-