पंजाब के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत कलानौर के एक व्यक्ति को कथित तौर पर नशा करते पकड़ा गया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोपी के कांग्रेस से जुड़े होने का दावा किया और अकाली दल-भाजपा व कांग्रेस पर नशे को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई का दावा किया गया है। राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि गुरदासपुर जिले के कलानौर के रहने वाले गुरकीरत सिंह को कथित तौर पर श्मशानघाट के अंदर नशा करते हुए काबू किया गया है। सरकार ने इसे नशा विरोधी मुहिम की अहम सफलता बताया है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
विज्ञापन
आरोपी के राजनीतिक संबंधों पर दावा
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पकड़े गए व्यक्ति का संबंध कांग्रेस से जुड़ता है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी की कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं। चीमा ने कहा कि जांच एजेंसियां मामले में आगे की कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार नशे के मामलों में किसी तरह की ढील नहीं दे रही और लगातार धरपकड़ जारी है।
अकाली दल-भाजपा और कांग्रेस पर सीधा हमला
वित्त मंत्री चीमा ने आरोप लगाया कि अकाली दल-भाजपा और कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी। उन्होंने कहा कि उस दौर में नशों की बाढ़ आई। उनके अनुसार अब जो तस्कर पकड़े जा रहे हैं, उनके सीधे या परोक्ष संबंध इन्हीं दलों से निकल रहे हैं। चीमा ने कहा कि कार्रवाई तेज होने से विपक्षी दल परेशान हैं और सरकार की मुहिम पर सवाल उठा रहे हैं।
तस्कर भाग रहे या जेल जा रहे
चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रही नशा विरोधी मुहिम के कारण तस्करों पर दबाव बढ़ा है। उनके मुताबिक कई तस्कर पंजाब छोड़कर भाग रहे हैं, जबकि कई जेलों में पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग नशा करते हुए पकड़े जा रहे हैं, उनका इलाज भी कराया जा रहा है ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकाला जा सके। सरकार सख्ती और उपचार, दोनों रास्तों पर साथ-साथ काम कर रही है।
जन समर्थन मिलने का दावा
वित्त मंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग सरकार की कार्रवाई का खुलकर समर्थन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग इस मुहिम से जुड़ रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पंजाब से नशे का पूरी तरह खात्मा करना है और इसके लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।