सार
पुणे पुलिस ने फरार गैंगस्टर निलेश घायवाल के खिलाफ फर्जी पासपोर्ट बनवाने और दस्तावेजों में धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया है। तलाशी में उसके घर से जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिससे हथियार अधिनियम के तहत नया मामला भी दर्ज हुआ। हत्या, फिरौती जैसे गंभीर आरोपों में वांछित घायवाल के खिलाफ पहले लुकआउट नोटिस जारी है।
कुख्यात गैंगस्टर निलेश घायवाल के मामले में पुणे पुलिस अब एक्शन में आती हुई नजर आ रही है। इसके तहत पुणे पुलिस ने सोमवार को कुख्यात फरार गैंगस्टर निलेश घायवाल के खिलाफ फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाने और दस्तावेजों में गलत जानकारी छुपाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले में कोथरुड पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि घायवाल पर धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी पहचान बनाना और पासपोर्ट अधिनियम, 1967 एवं आधार अधिनियम, 2016 का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया गया है।
हथियार अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज
इतना ही नहीं सोमवार को घायवाल के कोथरुड स्थित घर की तलाशी के दौरान पुलिस को जिंदा कारतूस मिले, जिसके बाद उसके खिलाफ हथियार अधिनियम के तहत भी नया मामला दर्ज किया गया है। निलेश घायवाल हत्या, फिरौती जैसे गंभीर मामलों में वांछित है और हाल ही में हुई रोड रेज की घटना में उसके 5-6 साथियों ने एक शख्स को गोली मारी थी। पुलिस को शक है कि घायवाल अब विदेश भाग गया है।
ये भी पढ़ें:- S Jaishankar: 'पड़ोसी अच्छे हों या नहीं, भारत अब तुलना से आगे बढ़ चुका है', जयशंकर ने पाकिस्तान को दिखाया आईना
पुलिस ने घायवाल के खिलाफ जारी किया लुकआउट
मामले में पुलिस ने गैंगस्टर के खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किया हुआ है, लेकिन उसके बावजूद फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाना सवाल खड़ा करता है। पुणे पुलिस के डिप्टी कमिश्नर संभाजी कदम ने बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट के तहत घायवाल और उसके गिरोह पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि कोर्ट से वारंट लेकर उसके घर तलाशी ली गई, जिसमें जिंदा कारतूस, जमीन से जुड़े 40-45 दस्तावेज, बैंक के कागजात, सोने के गहने और नकदी बरामद हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अहिल्यानगर पुलिस (पहले अहमदनगर) ने उसके पते का सत्यापन नकारात्मक दिया था, जिससे लगता है कि उसने पासपोर्ट गैरकानूनी तरीके से प्राप्त किया।
ये भी पढ़ें:- Bangladesh Elections: बांग्लादेश चुनाव पर भारत का रुख, मिस्री बोले- निष्पक्ष-समावेशी चुनाव के समर्थन में भारत
सांसद सुप्रिया सुले ने जताई नाराजगी
ऐसे में इस मामले में एनसीपी (शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने भी नाराजगी जताई। साथ ही और पूछा कि गंभीर अपराधों में शामिल व्यक्ति फर्जी पासपोर्ट लेकर विदेश कैसे जा सकता है? उन्होंने इस मुद्दे को विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के सामने उठाने का भी एलान किया है।