पुणे में दहेज प्रताड़ना से परेशान वैष्णवी हगवणे की आत्महत्या मामले में डिप्टी सीएम अजित पवार ने पुलिस को सख्त केस तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले को अब फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। साथ ही एक विशेष वकील की भी नियुक्ति की जा सकती है।
महाराष्ट्र के पुणे में वैष्णवी हगवणे की आत्महत्या मामले सियासी गर्माहट बढ़ती ही जा रही है। जहां अब इस मामले में उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि 26 वर्षीय वैष्णवी हगवणे की कथित दहेज प्रताड़ना के कारण हुई आत्महत्या के मामले में पुलिस को सख्त और मजबूत केस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले में शुक्रवार शाम अजित पवार ने वैष्णवी के माता-पिता से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की योजना बना रहे हैं और इसमें एक विशेष वकील की भी नियुक्ति की जा सकती है। पवार ने कहा कि मैं कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने दिल्ली जाऊंगा और उनसे इस बारे में चर्चा करूंगा कि क्या मामले को फास्ट ट्रैक से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
साथ ही पुलिस ने कोर्ट में कहा कि वैष्णवी के शरीर पर मिले निशान यह साबित करते हैं कि उसे कई बार पीटा गया। एक प्लास्टिक पाइप भी बरामद कर लिया गया है, जिससे पिटाई की गई थी। वहीं मायके वालों का कहना है कि उन्होंने शादी में 51 तोला सोना, चांदी और एक SUV दी थी, लेकिन ससुराल वाले फिर भी 2 करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे और वैष्णवी को प्रताड़ित करते थे।
गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे आरोपी
डिप्टी सीएम पवार ने कहा कि राजेंद्र और सुशील अपने फोन बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ने में कामयाब रही। इसके अलावा पवार ने वैष्णवी की बड़ी भाभी की तरफ से ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किए जाने और घरेलू हिंसा मामले में लगाए गए आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही पवार ने भरोसा दिलाया कि बड़े बहू के लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जाएगी और अगर किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या मिलीभगत पाई गई, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला, समझिए
बता दें कि एनसीपी नेता राजेंद्र हगवणे की बहू वैष्णवी हगवणे ने 16 मई को पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ के बावधन इलाके में फांसी लगाकर जान दे दी थी। उनके माता-पिता का आरोप है कि शादी के समय उन्होंने ससुराल वालों को 51 तोला (करीब 595 ग्राम) सोना, चांदी और एक एसयूवी गाड़ी दी थी, फिर भी राजेंद्र हगवणे का परिवार 2 करोड़ रुपये की मांग कर वैष्णवी को प्रताड़ित करता रहा।
ये भी पढ़ें:- SC: सुप्रीम कोर्ट ने यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज केस को किया खारिज, जांच एजेंसियों की भूमिका पर उठाए सवाल