पुणे के येरवडा इलाके में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने दोस्त पर तेजाब फेंक दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां और सड़क से गुजर रहे पिता-बेटी भी इसकी चपेट में आ गए। हमले में छह साल की बच्ची समेत चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
महाराष्ट्र के पुणे में दोस्त से मामूली बात पर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने उस पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में दोस्त, उसकी मां और सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति के साथ उसकी छह साल की बेटी भी झुलस गई। घटना छह नवंबर को शाम करीब चार बजे येरवडा इलाके में रामनगर मस्जिद के पास हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 52 वर्षीय नितिन सुंदर जाधव के रूप में हुई है। वह प्लंबर का काम करता है।
विज्ञापन
दोस्त के चेहरे पर तेजाब फेंका, मां भी आई चपेट में
पुलिस के मुताबिक, नितिन जाधव और 40 वर्षीय आशीष इंद्रपाल डिंग्या दोस्त थे। दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर बहस होती रहती थी। 6 नवंबर को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद नितिन एक हार्डवेयर की दुकान से तेजाब खरीदकर लाया और आशीष के चेहरे पर फेंक दिया। आशीष की 65 वर्षीय मां ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी तेजाब फेंक दिया। इससे उनके दोनों हाथ झुलस गए।
सड़क से गुजर रहे पिता-बेटी भी झुलसे
हमले के दौरान वहां से दोपहिया वाहन पर अपनी छह साल की बेटी के साथ गुजर रहे विशाल शंकर जाधव भी इसकी चपेट में आ गए। तेजाब से उनका दायां हाथ और दायां पैर झुलस गया। वहीं, उनकी बेटी के बाएं पैर में चोट आई। आशीष के चेहरे, आंख और हाथों पर तेजाब से चोटें आई हैं। इस तरह हमले में कुल चार लोग घायल हुए।
एक घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विशाल जाधव का पुणे के ससून जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, बाकी तीन घायलों को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। लक्ष्मी नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक युवराज नांद्रे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें तेजाब के इस्तेमाल से चोट पहुंचाने, किसी की जान को खतरे में डालने और अन्य धाराएं शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।