जम्मू कश्मीर के पुलवामा में पिछले महीने हुए पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के हमले पर कड़ा एतराज जताते हुए भारत ने पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त को तलब किया है। इस हमले में भारत के आठ सुरक्षा जवान शहीद हुए थे।
विदेश मंत्रालय ने कार्यवाहक उच्चायुक्त हैदर शाह के समक्ष पाकिस्तान की ओर से जैश आतंकियों की घुसपैठ और हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान से मामले की जांच करने के लिए कहा गया है और इस घृणित हमले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
पढ़ें- कश्मीर के दो संदिग्ध पत्थरबाजों को NIA ने किया गिरफ्तार, टेरर फंडिंग केस में हो सकते हैं बड़े खुलासे
पाक उच्चायुक्त को बताया गया कि मारे गए आतंकियों के डीएनए नमूने रखे गए हैं और पाकिस्तान को जांच के लिए उपलब्ध कराए जा सकते हैं। बयान के मुताबिक, मंगलवार को पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त हैदर शाह को तलब कर पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा सीमा पार से घुसपैठ और आतंकी हमले पर उनके समक्ष कड़ा विरोध दर्ज किया गया। इस हमले में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी थे और उन्होंने पुलवामा की जिला पुलिस लाइन में हमला किया था।