कांग्रेस ने शुक्रवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2016 के रोहित वेमुला आत्महत्या मामले में आरोपी रहे एन. रामचंदर राव को तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने से यह फिर साबित हो गया कि जो दलितों और आदिवासियों के खिलाफ जाएगा, उसे भाजपा इनाम देगी। कांग्रेस ने भाजपा से इस तरह की नियुक्ति पर फिर से विचार करने और देश से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
हालांकि, तेलंगाना पुलिस ने पिछले साल इस मामले में एक रिपोर्ट अदालत में दाखिल की थी, जिसमें राव सहित सभी आरोपियों को क्लीन चिट दे दी गई थी। तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने कहा कि रोहित वेमुला की कथित आत्महत्या ने देश को झकझोर दिया था और यह भाजपा शासन में हो रहे सामाजिक अन्याय का प्रतीक बन गई थी।
ये भी पढ़ें: राउत का दावा- सीएम बनने के लिए बेताब हैं शिंदे, शिवसेना का भाजपा में विलय तक करने को तैयार
उन्होंने कहा कि रोहित (हैदराबाद विश्वविद्यालय) के एक पीएचडी छात्र और आंबेडकर छात्र संघ (एएसए) के सक्रिय सदस्य थे। जब वह अपने साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, तब भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेता सुशील कुमार ने उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया और विश्वविद्यालय पर दबाव बनाकर उन्हें निलंबित करवाया।
मल्लू ने आरोप लगाया कि उसी समय भाजपा नेता रामचंदर राव अपने समर्थकों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे और अधिकारियों पर एएसए के छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का दबाव बनाया, जिससे रोहित को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा, रामचंदर राव को तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने फिर से साबित कर दिया कि दलितों और आदिवासियों के खिलाफ जाने वालों को ही इनाम मिलता है।
ये भी पढ़ें: 'एयर इंडिया विमान हादसे पर जल्द आएगी AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट', विमानन मंत्री का बयान
उन्होंने यह भी बताया कि एबीवीपी नेता सुशील कुमार को अब दिल्ली विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर नियुक्त किया गया है। मल्लू ने कहा, भाजपा न केवल संविधान के खिलाफ जा रही है, बल्कि उसे बदलने की भी बातें कर रही है। सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य देश के हर नागरिक की जान, गरिमा और आत्म-सम्मान की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इन नियुक्तियों पर पुनर्विचार करना चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख राजेंद्र पाल गौतम ने भी भाजपा पर आरोप लगाया कि वह दोषियों के साथ खड़ी रहती है और उन्हें सजा देने के बजाय पुरस्कार देती है। उन्होंने कहा, बंडारू दत्तात्रेय को सजा देने के बजाय हरियाणा का राज्यपाल बना दिया गया। सुशील कुमार को दिल्ली विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर बना दिया गया, और अब रामचंदर राव को तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है। गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सामाजिक न्याय में भरोसा नहीं रखती, इसीलिए देशभर में कई बच्चे प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर रहे हैं।