केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में इमारत गिरने से महिला की मौत के बाद विपक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा और कांग्रेस की शाखाओं ने शुक्रवार को राज्यभर में प्रदर्शन कर उनके इस्तीफे की मांग की है।
केरल की कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में इमारत ढहने के मामले में सियासी गर्माहट तेज हो रही है। इस मामले में राज्यभर में शुक्रवार को विपक्षी पार्टियां कांग्रेस, भाजपा और उनकी विभिन्न शाखाओं ने स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही उनके इस्तीफे की मांग भी की। बता दें कि घटना तीन जुलाई की है, जब कोट्टायम मेडिकल कॉलेज के एक टॉयलेट कॉम्प्लेक्स के ध्वस्त होने से 52 वर्षीय बिंदु की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हुए, जिसके चलते इस मामले ने और तूल पकड़ ली।
इसके साथ ही राजधानी में कांग्रेस की महिला शाखा और भारतीय यूनियन मुस्लिम लीग के युवा संगठन ने भी मंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, कोल्लम में युवामोर्चा के सदस्य जिला अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट कार्यालय में घुसकर नारेबाजी की। पठानमथिट्टा में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग का ताबूत लेकर मंत्री के घर मार्च किया और इस्तीफे की मांग की। कोट्टायम में भी युवा कांग्रेस के सदस्य मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस पर छड़ें फेंकीं।
दो घंटे में मलबे से मृतक महिला को निकाला
गौरतलब है कि कोट्टायम मेडिकल कॉलेज की वार्ड संख्या 10, 11 और 14 के पास स्थित टॉयलेट कॉम्प्लेक्स गुरुवार को गिर गया था। अस्पताल अपनी सेवाएं नए सर्जिकल ब्लॉक में शिफ्ट कर रहा था। दुर्घटना के बाद बचाव कार्य में देरी और बचाव अभियान की गंभीरता पर भी विपक्ष ने सवाल उठाए। हादसे में मारी गई बिंदु को घटनास्थल से दो घंटे बाद मलबे से बाहर निकाला गया था, जिसको लेकर भी विपक्ष ने कई सारे सवाल खड़े किए।