Mahila Samman Yojana: सरकार ने अभी इस योजना के लिए महिलाओं से कोई आंकड़ा एकत्र नहीं किया है। अभी इसकी पात्रता के बारे में भी बहुत कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। ऐसे में महिलाओं के बीच इस बात को लेकर बेचैनी बढ़ रही है कि इस योजना का लाभ किन महिलाओं को मिलेगा और क्या वे इस दायरे में आएंगी?
दिल्ली की भाजपा सरकार आठ मार्च को महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने की योजना की शुरुआत कर सकती है। इसके लिए योजना शुरू करने से पहले विशेष कैबिनेट बैठक कर इसका प्रस्ताव पास किया जाएगा और इस पर उपराज्यपाल की औपचारिक सहमति ली जाएगी। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति में महिला सम्मान योजना को लागू किया जाएगा। योजना का लाभ पाने के लिए महिलाओं की पात्रता जैसी चीजों को लेकर प्रस्ताव की बारीकियों पर काम किया जा रहा है।
विज्ञापन
सरकार ने अभी इस योजना के लिए महिलाओं से कोई आंकड़ा एकत्र नहीं किया है। अभी इसकी पात्रता के बारे में भी बहुत कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। ऐसे में महिलाओं के बीच इस बात को लेकर बेचैनी बढ़ रही है कि इस योजना का लाभ किन महिलाओं को मिलेगा और क्या वे इस दायरे में आएंगी? लेकिन माना जा रहा है कि सरकार आर्थिक तौर पर गरीब वर्ग की परिवार की प्रमुख महिला को यह सम्मान राशि देने की योजना बना सकती है। 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को वृद्धा पेंशन की कैटेगरी में आर्थिक सहायता दी जाती है, ऐसे में महिला सम्मान योजना के लिए महिलाओं को 18 वर्ष से 60 वर्ष की उम्र सीमा का विशेष वर्ग बनाया जा सकता है।
इस चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ियों में भारी जनसमर्थन हासिल किया था। यह वोट बैंक पहले केजरीवाल के साथ माना जाता था, लेकिन जिस तरह से इस बार इस वोटर वर्ग ने भाजपा का साथ दिया है, माना जा रहा है कि इसके पीछे भाजपा की महिला सम्मान योजना ने भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भाजपा ने झुग्गी-झोपड़ी की महिलाओं को विशेष लाभ देने की योजना बनाई है। ऐसे में महिला सम्मान योजना का सबसे बड़ा हिस्सा इन झुग्गी-झोपड़ियों के हिस्से में जा सकता है।
विज्ञापन
सरकार की ताकत बनी थी महिलाएं
देश के लगभग हर चुनाव में यह बात देखी जा रही है कि जो भी राजनीतिक दल महिलाओं को अपने पाले में करने में कामयाब रहता है, और जिसे महिलाओं के बड़े वर्ग का वोट मिल जाता है, वही राजनीतिक दल चुनाव में जीत हासिल कर जाता है। हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित यह फॉर्मूला दिल्ली में भी सुपरहिट साबित हुआ। महिलाओं ने भाजपा के लिए जमकर वोट किया और पार्टी ने दिल्ली में ऐतिहासिक सफलता हासिल की। चूंकि इसी साल के अंत में भाजपा को जदयू के साथ बिहार में चुनाव में जाना है, माना जा रहा है कि इसके पहले वह महिलाओं के लिए विशेष काम करने का संदेश देकर उसका राजनीतिक लाभ बिहार में भी उठाने की कोशिश कर सकती है।