राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ सदस्य और केरल प्रांत के संघचालक रहे पीईबी मेनन का आज निधन हो गया। मेनन ने केरल में 86 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर संघ प्रमुख मोहन भागवत व अन्य संघ सदस्यों ने शोक प्रकट किया है। मेनन के बारे में जानिए
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व केरल प्रांत संघचालक पीईबी मेनन का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। गुरुवार को कोच्चि में एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। आरएसएस सूत्रों ने बताया कि मेनन स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे थे। बीते कुछ समय से उपचार करा रहे मेनन ने आज दोपहर लगभग 1.30 बजे अंतिम सांस ली। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने मेनन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
विज्ञापन
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मेनन का पार्थिव शरीर अलुवा में उनके आवास पर ले जाया जाएगा। शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक टाउन हॉल में उनका पार्थिव शरीर सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसी दिन दोपहर लगभग 3 बजे तंत्र विद्यापीठम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मेनन के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट रहे मेनन आरएसएस नेता पी माधवजी के साथ जुड़ाव के कारण भी चर्चित रहे। माधवजी ने ही मेनन को मंदिर संरक्षण से जुड़ी पहल और बाद में आरएसएस में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
संगठन में आगे बढ़ते हुए मेनन साल 2003 में केरल प्रांत संघचालक बने। लगभग दो दशकों तक इस पद पर रहे मेनन इससे पहले साल 1999 में अलुवा जिला प्रमुख, एर्नाकुलम संभाग प्रमुख और सह-प्रांत संघचालक के रूप में काम किया। मेनन ने सेवा संगठनों में भी वरिष्ठ पदों पर भी कार्य किया, जिनमें सेवा भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और विश्व सेवा भारती के प्रबंध निदेशक के पद शामिल हैं।
आरएसएस सूत्रों के अनुसार मेनन ने अलुवा ग्राम सेवा समिति के अंतर्गत की गई सामुदायिक पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने तंत्र विद्यापीठम, बालसंस्कार केंद्र, डॉ. हेडगेवार स्मारक सेवा समिति, अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण केंद्र और राष्ट्रधर्म परिषद जैसी कई सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संस्थाओं का मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने अभिनेता मोहनलाल द्वारा स्थापित विश्वशांति फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य किया। बता दें कि हाल ही में मोहनलाल को सर्वोच्च फिल्म सम्मान- दादासाहेब फाल्के से सम्मानित किया गया है।