कॉलेज प्रिंसिपल ने छात्रों के मोबाइल तोड़ दिए
- फोटो : Twitter
अक्सर आपने देखा होगा कि छात्र अध्यापकों, प्रिंसिपल की किसी बात को अनसुना कर देते हैं। वह बनाए गए नियमों को किसी तरह तोड़ते रहते हैं। ऐसा ही हुआ उत्तर कन्नड़ के जिले में। जहां मना करने के बावजूद छात्र क्लासरूम में मोबाइल फोन लेकर पहुंचे थे। इतना ही नहीं वह लेक्चर के दौरान उसका इस्तेमाल भी कर रहे थे। जिससे गुस्साए प्रिंसिपल ने सबके फोन छीने और सबके सामने मोबाइल को हथौड़े से तोड़ दिया।
निजी कॉलेज के प्रिंसिपल के इस कार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इससे जहां बच्चे उदास हैं वहीं कई माता-पिता और लोगों ने इसकी प्रशंसा की है। इस कॉलेज का नाम एमईएस चैतन्य पीयू कॉलेज है। जिसने कैंपस में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद कुछ छात्र कैंपस के अंदर फोन लेकर आते थे। प्रिंसिपल आरएम भट्ट ने छात्रों को कैंपस में फोन लाने पर चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि वह फोन जब्त कर लेंगे।
गुरुवार को भट्ट ने पहले और दूसरे साल के छात्रों को ऑडिटोरियम में बुलाया और मोबाइल के इस्तेमाल पर विशेष क्लास देने लगे। जागरुकता क्लास के बाद एक खोजी अभियान चलाया गया और कॉलेज के स्टाफ ने छात्रों के पास से 17 फोन जब्त किए। जिसके बाद प्रिंसिपल ने हथौड़ा मंगवाया और जब्त फोन में से दो को तोड़ दिया। उन्होंने छात्रों को कैंपस में फोन न लाने को लेकर फिर चेतावनी दी।
प्रिंसिपल ने कहा, 'फोन को लेकर अध्यापकों की चेतावनी की बावजूद कुछ छात्र उन्हें क्लासरूम में लेकर आ रहे थे। बाकी के बचे हुए 15 फोन को कॉलेज के लॉकर में रखा गया है। उन्हें सालाना परीक्षा (एनुएल एग्जाम) के बाद छात्रों को लौटा दिया जाएगा। यह केवल छात्रों में जागरुकता फैलाने और उन्हें चेतावनी देने के लिए किया गया था।' कॉलेज के इस कदम की कुछ लोग सराहना कर रहे हैं तो कुछ इससे नाराज हैं।
जिले के छात्रों और अध्यापकों के बीच घटना का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिले में स्थित दूसरे कॉलेज भी मोबाइल को प्रतिबंधित करने की योजना बना रहे हैं और उन्होंने छात्रों से कहा है कि यदि वह कैंपस में मोबाइल लेकर आए तो उनके फोन तोड़ दिए जाएंगे।