तेलंगाना में निजामाबाद पुलिस ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक सरकारी कॉलेज के प्राचार्य को राष्ट्रीय ध्वज फहराने से कथित तौर पर रोकने के मामले में 16 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्राचार्य से झंडा फहराने से पहले जूते उतारने की मांग की थी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया था।
अरमूर ग्रामीण पुलिस निरीक्षक नरसिम्हा स्वामी के मुताबिक, जब प्राचार्य मोहम्मद यकीन उद्दीन झंडा फहराने वाले थे तभी एक व्यक्ति ने आपत्ति जाहिर की और उनसे तिरंगा फहराने से पहले जूते उतारने को कहा। स्वामी ने कहा कि बहरहाल, प्राचार्य ने उनके आग्रह पर ध्यान नहीं दिया और उन्होंने झंडा फहरा दिया जिससे अन्य लोग गुस्सा हो गए।
इस पर उन्होंने प्राचार्य का घेराव किया और उनके साथ धक्का-मुक्की की। स्वामी ने आगे कहा कि प्राचार्य ने कल हमारे यहां शिकायत दर्ज कराई है। हमने 16 लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एमआईएम प्रमुख असदुद्दीन औवेसी ने ट्वीट किया कि भाजपा के हर मुख्यमंत्री ने जूते पहने हुए थे, क्या वे उनके खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और उन पर हमला करेंगे।