प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सऊदी अरब ने उन्हें वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान द किंग अब्दुलअजीज साश से नवाजा है। इसे सऊदी स्टेट के संस्थापक अब्दुल अजीज अल सऊद के नाम पर दिया जाता है। यह सम्मान अब तक शिंजो अबे, कैमरन, ओबामा और पुतिन को भी मिल चुका है। पीएम ने एक बार फिर सऊदी की सरजमीं से आतंकवाद मानवता का दुश्मन करार देते हुए कहा है कि धर्म को आतंकवाद से अलग करना होगा। उन्होंने पाकिस्तान पर फिर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छा या बुरा आतंकवाद के बीच फर्क करने की नीति छोड़नी होगी। उन्होंने मध्य पूर्व में सऊदी नेतृत्व की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की नीति की सराहना भी की।
सऊदी से हुए पांच अहम समझौते
पीएम मोदी ने रविवार को सऊदी के शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज से मुलाकात की। इस मुलाकात में भारत और सऊदी अरब के रणनीतिक सहयोग के विस्तार, कारोबार बढ़ाने, निवेश करने और आतंकवाद की चुनौतियों से निपटने समेत द्विपक्षीय रिश्तों पर व्यापक चर्चा हुई। बाद में दोनों देशों ने पांच अहम समझौतों पर दस्तखत किए।
ये हैं वो पांच समझौते:
-मनी लांड्रिंग के क्षेत्र में आपसी सहयोग, खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान, आतंकवाद को धन मुहैया कराने और संबंधित अपराधों की जानकारी देना
-दोनों देशों के मजदूरों को लेकर आपसी सहयोग
-निवेश संवर्धन में सहयोग
-हस्तकरघा क्षेत्र में आपसी सहयोग
-भारतीय और सऊदी अरब के मानक ब्यूरो के बीच तकनीकी सहयोग
सऊदी के शाह को दी केरल की प्राचीन मस्जिद की प्रतिकृति
पीएम ने सऊदी के शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज को सोने का वर्क चढ़ी केरल की प्राचीन चेरामन जुमा मस्जिद की एक प्रतिकृति सौंपी। माना जाता है कि यह भारत में तकरीबन 629 ईसवी में अरब व्यापारियों द्वारा बनाई गई पहली मस्जिद है। यह मस्जिद केरल के त्रिशूर जिले में है। चेरामन पेरूमल केरल के प्राचीन चेर राजा थे, जो इस्लाम से काफी प्रभावित थे।
देखें वीडियो