फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअप: राज्यसभा में कन्हैया का मुद्दा, मोदी का पुतला तुसाद में, पढ़ें और बड़ी खबरें

Wed, 16 Mar 2016 06:59 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
कन्हैया की घर वापसी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
देश में एक तरफ जहां राज्यसभा में कन्हैया के ऊपर राष्ट्रदोह के मुकदमे को लेकर पक्ष-विपक्ष में तकरार हुई तो वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र में एमआईएम के विधायक को भारत माता की जय न कहने पर महाराष्‍ट्र विधानसभा से निलंबित कर दिया गया। पढ़िए ऐसी ही बड़ी खबरें। 
विज्ञापन


राज्यसभा में उठा कन्हैया का मुद्दा, 'विपक्ष ने की राजद्रोह कानून खत्म करने की मांग'

जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार समेत उसके बाकी साथियों पर लगे राजद्रोह के आरोप का मुद्दा विपक्ष ने राज्यसभा में उठाया। इस दौरान विपक्ष ने एक सुर में राजद्रोह कानून को खत्म करने की मांग की।

चर्चा की शुरूआत सीपीएम की ओर से की गई। उन्होंने पूछा कि आखिर जेएनयू के छात्र कन्हैया कुमार, उमर खालिद और उनके साथियों पर राजद्रोह का मामला क्यों दर्ज किया गया? सीपीएम के नेतृत्व में उठाए गए इस मुद्दे को दूसरी विपक्षी पार्टियों से भी समर्थन मिला। सभी ने एक सुर राजद्रोह कानून खत्म करने की मांग की।  बता दें कि जेएनयू के छात्र उमर खालिद और अनिर्बन भट्टाचार्य पर देश विरोधी नारेबाजी के आरोप में राजद्रोह का केस दर्ज किया गया है। खालिद और भट्टाचार्य पर दिल्ली के वसंत कुंज पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


विपक्ष के निशाने पर केंद्र सरकार
राजद्रोह के आरोप में ही 12 फरवरी को जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इन छात्रों पर जेएनयू कैंपस में अफजल गुरु के समर्थन में कार्यक्रम का आयोजन करने और इस दौरान देश विरोधी नारेबाजी का आरोप लगा था। हालांकि बाद में कन्हैया कुमार को अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया। 2 मार्च को दिल्ली हाईकोर्ट ने कन्हैया कुमार को अंतरिम जमानत दी थी। जेल से रिहाई के बाद कन्हैया कुमार ने जेएनयू लौटकर एक बार फिर छात्रों को संबोधित किया था। इस दौरान कन्हैया कुमार ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा था।

मैडम तुसाद म्यूजियम का हिस्सा बन जाएंगे पीएम मोदी

पीएम - फोटो : pti
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही मैडम तुसाद म्यूजियम का हिस्सा बन जाएंगे। इस साल अप्रैल से लंदन, सिंगापुर, हांगकांग और बैंकॉक के मैडम तुसाद म्यूजियम में उन्हें देखा जा सकेगा। दुनिया भर में अपने मोम के पुतलों के लिए मशहूर म्यूजियम तुसाद की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री मोदी विश्व राजनीति में बेहद प्रभावशाली व्यक्ति हैं।

उन्हें 2015 में टाइम मैगजीन ने पर्सन ऑफ द ईयर के लिए शॉर्ट लिस्ट 10 लोगों में रखा था।" बयान में कहा गया है कि मोदी सोशल मीडिया पर भी बहुत लोकप्रिय हैं और ओबामा के बाद ट्विटर पर दूसरे सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं।

बयान के मुताबिक म्यूजियम के कलाकारों ने इसी साल की शुरुआत में दिल्ली जाकर उनका माप लिया। इस पुतले में मोदी अपने खास तरह के कुर्ते और क्रीम कलर की जैकेट में नमस्ते करते दिखाई देंगे। मोदी ने कहा है जिस तरह उनका माप लिया गया, वो उसे देखते हुए वो कलाकारों की दक्षता के कायल हो गए हैं।

फिसली सोनिया की जुबान

सोनिया गांधी
'बीते दो साल में यूपीए सरकार ने कुछ नहीं किया है'। ये बात किसी और ने नहीं बल्कि खुद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि 'दो साल लगभग बीत गए हैं लेकिन हमने कुछ नहीं देखा, यूपीए सरकार को ओर से कोई प्रयास नहीं किया गया।'

दरअसल सोनिया आंध्र प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रही थी। राहुल ने कहा पीएम केवल दबाव की भाषा समझते हैं। इसी कार्यक्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी  ने कहा कि मैं कई अवसरों पर आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी  है लेकिन सरकार इस मामले में अपनी रुचि नहीं दिखा रही है

राहुल ने कहा कि  दुर्भाग्य से मौजूदा सरकार आंध्र प्रदेश को सहायता नहीं कर रही है  और मैं इस बात से गौरवान्वित हूं कि कांग्रेस पार्टी आंध्र की लड़ाई में आगे है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें उन पर दबाव बनाने की जरूरत है क्योंकि वो दबाव को समझते है, वो कोई और भाषा नहीं समझते हैं। 

घोड़े को पीटने वाले विधायक पर भड़कीं मेनका

मेनका गांधी
देहरादून में पुलिस के घोड़े के साथ की गई बर्बरता के आरोपी मसूरी के बीजेपी विधायक गणेश जोशी के खिलाफ केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पार्टी से बीजेपी विधायक को निकालने की मांग की है। गणेश जोशी पर आरोप है कि उन्होंने सोमवार को देहरादून में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के घोड़े शक्तिमान पर हमला किया था। बीजेपी विधायक की पिटाई से घोड़े को गंभीर चोटें आई हैं।

इसी मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने सख्त रूख अपनाते हुए पार्टी से बीजेपी विधायक पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि मेनका गांधी जानवरों के हित के लिए काम करने वाली संस्था 'द प्यूपिल फॉर एनिमल्स' (पीएफए) की अध्यक्ष हैं और जानवरों से जुड़े मुद्दे उठाती रहती हैं। उत्तराखंड में भी ये संस्था कार्य करती है।

पेटा ने भी घटना को गंभीरता से लिया
इस बीच पीएफए ने बीजेपी विधायक के खिलाफ देहरादून में पुलिस शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही राज्य के पुलिस मुखिया को भी पत्र लिखकर आरोपी विधायक गणेश जोशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीएफए की ट्रस्टी गौरी मौलेखी ने पुलिस मुखिया को लिखे अपने पत्र में कहा है कि ये घटना बेहद गंभीर है। ये एक तरह का क्रिमिनल एक्ट है जिसे खुलेआम और बेहद बेदर्दी से किया गया है।

मेनका गांधी और उनकी संस्था के साथ-साथ भारत के पशु कल्याण बोर्ड ने भी इस घटना को गंभीर बताया है। उनके साथ-साथ जानवरों के कल्याण के लिए काम करने वाली दूसरी संस्थाओं ने भी विधायक पर सख्त कारर्वाई की मांग की है। जानवरों के हित के लिए काम करने वाली एक और संस्था पेटा ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है। संस्था की ओर से उत्तराखंड के विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखकर आरोपी विधायक गणेश जोशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विधायक को उनके पद से निष्कासन की मांग की है। पेटा की ओर से घटना को आपराधिक दुराचरण की श्रेणी में रखते हुए बीजेपी विधायक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नेशनल कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या

हत्या - फोटो : DEMO Pics

रोहतक में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गांव रिठाल में कबड्डी के नेशनल खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी। 24 वर्षीय खिलाड़ी सुखविंद्र प्रैक्टिस के बाद घर जा रहा था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन सुखविंद्र को गंभीर हालत में पीजीआई भी लाए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खिलाड़ी की हत्या के बाद मृतक के परिजन रात को ही एसपी आवास पर पहुंच गए। यहां परिजनों ने एसपी से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

हालांकि देररात तक पुलिस हत्या के कारणों का खुलासा भी नहीं कर सकी थी। पुलिस के मुताबिक गांव रिठाल निवासी चंद्रसिंह सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके दो बेटे हैं। छोटा बेटा सुखविंद्र कबड्डी खिलाड़ी था, जबकि दूसरा बेटा सन्नी खेतीबाड़ी करता है। मृतक के परिजनों का कहना है कि सुखविंद्र रोज प्रैक्टिस के लिए गांव के सरकारी स्कूल में जाता है। वह मंगलवार शाम को प्रैक्टिस के बाद घर की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह घर के पास पहुंचा तो यहां दो युवकों ने उसे रोक लिया।

जब तक सुखविंद्र कुछ समझ पाता, इससे पहले ही एक आरोपी ने उसे पीछे से दबोच लिया और दूसरे ने सुखविंद्र के सिर में दो गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सुखविंद्र को नाजुक हालत में पीजीआई लाया गया। यहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। वहीं, हत्या की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस पहले तो गांव पहुंची लेकिन उसे यहां कोई नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस सीधा पीजीआई पहुंची। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि अभी तक हत्या के कारण का पता नहीं चल सका है।  परिजनों ने भी किसी पर शक भी जाहिर नहीं किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। गांव के आसपास आरोपियों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों से आरोपियों की स्कूटी का नंबर भी पूछा जा रहा है। सुखविंद्र प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित देश विदेश में कबड्डी के कई मैच खेल चुका था। फिलहाल वह अगले महीने होने वाली अपनी प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा था।

उमर खालिद और अनिर्बन को नहीं मिली जमानत

जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय - फोटो : PTI
राष्ट्रविरोधी नारेबाजी विवाद में गिरफ्तार छात्र उमर खालिद व अनिर्बन भट्टाचार्य की जमानत याचिका पर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है। अदालत 18 मार्च को फैसला सुनाएगी।

उमर खालिद व अनिर्बन भट्टाचार्य ने मंगलवार को पटियाला हाउस कोर्ट में जमानत अर्जी दायर की थी। कोर्ट में आज की सुनवाई में उमर खालिद के वकील और दिल्ली पुलिस के वकील के बीच जिरह हुई। अदालत में उमर खालिद और अनिर्बन के ‍वकील के मुताबिक सरकार की आलोचना करना नागरिकों का अधिकार है। इसे देशद्रोह नहीं समझा जाना चाहिए। वकील ने खालिद और अनिर्बन का बचाव करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की रिपोर्ट बताती है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। जबकि कार्यक्रम स्थल पर बाहर के लोग भी मौजूद थे और यह अभी तक स्पष्ट नही है कि नारे किसने लगाए थे। उन्होंने कहा, अगर समाज और मीडिया के बीच यह गया संदेश गया है कि इन लोगों ने कुछ गलत किया तो वह कानून का नहीं बल्कि राय का मामला है। खालिद ने देश विरोधी नारे नहीं लगाए। उस पर देशद्रोह का केस क्यों लगाया गया है?

वहीं दिल्ली पुलिस के वकील की ओर से दलील दी गई कि खालिद वीडियो में नारेबाजी करता हुआ दिखाई दे रहा है। लेकिन पुलिस केवल वीडियो पर ही निर्भर नहीं है बल्कि उनके पास दोनों आरोपियों के खिलाफ दस गवाह भी हैं। उमर खालिद और अनिर्बन की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कन्हैया पर हमला करने वाले दल की अगुवाई कर चुके वकील यशपाल सिंह भी कोर्ट में मौजूद थे। उनकी मौजूदगी पर अदालत ने सवाल उठाया और उनसे पूछा कि वह यहां क्या कर रहे हैं तो यशपाल सिंह ने जवाब दिया कि वह सुनवाई देखने के लिए आए हैं। इसके बाद अदालत ने उन्हें वहीं रूकने की मंजूरी दे दी। बता दें कि इसी मामले में आरोपी जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को हाईकोर्ट से 2 मार्च को अंतरिम जमानत मिल चुकी है। इससे पहले तिहाड़ जेल से दोनों आरोपी छात्रों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सीएमएम सुमित दास के समक्ष पेशी हुई थी। पुलिस ने कहा था कि अभी मामले की जांच चल रही है, इसलिए दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी जाए। कोर्ट ने पुलिस के आग्रह व दलीलों के मद्देनजर दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत अगले 14 दिन के लिए बढ़ा दी। गौरतलब है कि देशद्रोह के मामले में आरोपी छात्र उमर खालिद व अनिर्बन भट्टाचार्य ने 23 फरवरी की रात पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था। पुलिस ने दावा किया है कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने 22 ऐसे नामों का खुलासा किया है, जो 9 फरवरी के कार्यक्रम के दौरान जेएनयू कैंपस में मौजूद थे।
विज्ञापन

एमआईएम विधायक महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित

भारत माता की जय न कहने पर एमआईएम विधायक महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित - फोटो : PTI
महाराष्ट्र में एमआईएम के विधायक वारिस पठान को निलंबित कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता राम कदम ने कहा, "उन्होंने भारत माता की जय बोलने से इनकार कर दिया जिसके बाद उन्हें आम राय से इस सत्र के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया है।"

उन्होंने कहा कि सभी विधायक दलगत भावना से ऊपर उठकर वारिस पठान के निलंबन पर एक सुर में बोले। इससे पहले एमआईएम के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवेसी भारत माता की जय बोलने से इनकार करने को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि भारत माता की जय बोलना जरूरी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें