प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मोशे होल्ट्जबर्ग (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले में जीवित बचे इजरायली बच्चे मोशे होल्ट्जबर्ग को पत्र लिखकर बधाई दी है। पत्र में पीएम मोदी ने कहा कि आपकी कहानी हर किसी को प्रेरित करती रहती है। जब मुंबई हमले में आतंकियों ने मोशे के मां-बाप को उसके सामने गोली मारी थी तो वह सिर्फ दो साल का था।
मोशे को लिखे खत में पीएम मोदी ने कहा, आप इस महत्वपूर्ण बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं और अपने जीवन यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर रहे हैं। सैंड्रा के साहस और भारत के लोगों की प्रार्थना आपको लंबे स्वस्थ और सफल जीवन के लिए आशीर्वाद देती रहेगी। आपकी कहानी हर किसी को प्रेरित करती है। यह एक चमत्कार ही था।
पीएम मोदी ने पत्र में लिखा कि आज भारत और इजरायल आतंकवाद और घृणा के खिलाफ और भी अधिक दृढ़ हैं। पीएम मोदी का यह संदेश इजरायल में भारतीय राजदूत संजीव सिंगला ने पढ़ा।
26 नवंबर 2008 की शाम पाकिस्तान से आए जैश-ए-मोहम्मद के 10 आतंकवादियों ने मुंबई को बम धमाकों और गोलीबारी से दहला दिया था। हथियारों से लैस इन आतंकियों के हमले में 160 से ज्यादा लोग मारे गए और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।