दुनिया में कोरोना महामारी फैले आए एक साल पूरा होने वाला है और अब इसके खात्मे के लिए वैक्सीन भी तैयार होने लगी है। पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट भी कोविशील्ड के उत्पादन में और तेजी लाने वाला है। उसकी इसी तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 नवंबर यानी शनिवार को पुणे पहुंचेंगे।
पुणे के डिविजनल कमिश्नर ने पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे की पुष्टि की है। बता दें कि सीरम इंस्टीट्यूट कोविशील्ड नामक कोरोना वैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायल कर रहा है। वहीं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका ने दूसरे देशों में इसके तीसरे चरण का ट्रायल खत्म कर दिया है। उसने अपनी वैक्सीन के इमरजेंसी अप्रूवल के लिए ब्रिटेन की अथॉरिटी के पास प्रस्ताव भेजा है।
कोई एलान करेंगे प्रधानमंत्री
सीरम इंस्टीट्यूट ने कोविशील्ड वैक्सीन का उत्पादन काफी तेज कर दिया है, कई लाख डोज अब तक तैयार हो चुके हैं और जैसे ही इसे हरी झंडी मिलती है, ये वैक्सीन बाजार में उपलब्ध हो जाएगी। इन सभी तैयारियों को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 नवंबर को पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट का दौरा करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि वहां वे कोई एलान भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर चुके मोदी
इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी, इस दौरान कोरोना के बढ़ते मामले और वैक्सीन के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा राज्यों की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इस पर भी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैक्सीन प्राथमिकता के आधार पर कैसे लगाई जाएगी, ये राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठकर तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर राज्य के सुझाव का इसमें बहुत महत्व होगा, क्योंकि राज्य ही अपने यहां की स्थिति बेहतर तरीके से जानते हैं।