प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रयागराज में महाकुंभ मेले का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी संगम में डुबकी लगाने के बाद मां गंगा की पूजा करेंगे। वह प्रयागराज की धरती पर तकरीबन दो घंटे रहेंगे। उनके आगमन को लेकर मेला प्रशासन तैयारियां कर चुका है।
2019 कुम्भ में शामिल हुए थे पीएम मोदी
पीएमओ ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री ने तीर्थ स्थलों पर बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय कदम उठाए हैं। बयान में कहा गया है कि इससे पहले, 13 दिसंबर, 2024 को प्रयागराज की अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री ने आम जनता के लिए संपर्क, सुविधाओं और सेवाओं में सुधार के लिए 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। इससे पहले 2019 कुम्भ में 24 फरवरी को उन्होंने गंगा स्नान कर सफाईकर्मियों के पांव पखारे थे।